प्राइवेट कोर्स बंद करने के विरोध में छात्र संगठनों ने दिया धरना

प्राइवेट कोर्स बंद करने के विरोध में छात्र संगठनों ने दिया धरना
  • सहारनपुर में शाकम्भरी विश्वविद्यालय में धरना देते छात्र।

सहारनपुर। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया व भीम आर्मी स्टूडेंट्स फेडरेशन के बैनर तले मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय द्वारा वर्तमान सत्र से यूजी और पीजी में प्राइवेट कोर्स बंद करने के विरोध में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय परिसर में 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल कर प्राइवेट कोर्स पुन: शुरू करने व छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाने की मांग की।

स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया व भीम आर्मी स्टूडेंट्स फेडरेशन से जुड़े छात्र पुवांरका स्थित मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय पहुंचे जहां उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में टैंट लगाकर नारेबाजी कर भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्र संगठनों का कहना था कि निर्वाचित छात्र संघ न होने की वह से प्राइवेट कोर्स बंद होने एवं छात्र-छात्राओं की अन्य समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रसंघ बहाल कर शीघ्र चुनाव कराने की मांग की।

उनका कहना था कि मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय की स्थापना सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के छात्र-छात्राओं की सहूलियत के लिए की गई थी और चौ. चरणसिंह विश्वविद्यालय से इन जिलों की सम्बद्धता स्थानांतरित की गई थी। उनका कहना था कि यदि प्राइवेट कोर्स में एडमिशन के लिए छात्र-छात्राओं को मेरठ ही जाना पड़ेगा तो सहारनपुर में विश्वविद्यालय बनाने का कोई औचित्य ही नहीं था। उनका कहना था कि प्राइवेट कोर्स बंद करके विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहा है। उन्होंने शीघ्र ही प्राइवेट कोर्स के एडमिशन शुरू करने और छात्र संघ चुनाव का नोटिस जारी करने की मांग की।

इस दौरान एसएफआई के जिलाध्यक्ष सागर गौतम, बीएएसएफ जिला प्रभारी अभिषेक गौतम, जिलाध्यक्ष विकास गौतम, बीएसवाईएस संस्थापक सचिन बावरे, नितिन, मोहित चौधरी, आदित्य बावरे, अंकित चौधरी, आकाश, अभिषेक जानखेड़ा, महक सिंह, सिद्धांत गौतम, सुमित कार्तिक, अंकुश, मिथुन, सागर वाल्मीकि, सक्षम पंवार, निहाल चौधरी, सूरज, शिवम, कुणाल, आशु, शिवम आदि छात्र मौजूद रहे।