सशक्त नारी सशक्त देश, यही है हमारा संदेश

- सहारनपुर में मिशन शक्ति के तहत निगम परिसर से रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते नगरायुक्त शिपू गिरि।
सहारनपुर। मिशन शक्ति की तैयारी-अबला नहीं सबला है नारी, नारी शक्ति जिंदाबाद और सशक्त नारी सशक्त देश, यही है हमारा संदेश नारी का मान बढ़ायेंगे-भारत को सशक्त बनायेंगे’ नारे लगाते हुए छात्राओं ने आज एक रैली नगर निगम परिसर से निकाली।
रैली का शुभारंभ नगरायुक्त शिपू गिरि, कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी व पार्षद ज्योति अग्रवाल ने हरी झण्डी दिखाकर किया। नगर निगम द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत आयोजित रैली में गुरुनानक गल्र्स इण्टर कॉलेज व जवाहर हायर सैकेंडरी स्कूल के अलावा निगम की महिला कर्मचारी भी शामिल रही। इससे पूर्व रैली को सम्बोधित करते हुए नगरायुक्त शिपू गिरि ने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महिलाओं का स्वस्थ, सशक्त और सबल होना बहुत जरुरी है। इसके लिए समाज और सरकार के अलावा महिलाओं को भी अपने आप को स्वावलंबी बनाने के प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि नारी के सम्मान से ही देश का उत्थान होगा। इससे पूर्व एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
अपर नगरायुक्त प्रदीप कुमार यादव ने छात्राओं को स्वच्छता और स्वस्थता का महत्व समझाते हुए कहा कि नारी तभी सशक्त होगी जब वह स्वस्थ होगी, और स्वस्थ तब होगी जब स्वच्छ वातावरण में रहेगी। कर निर्धारण अधिकारी श्रुति महेश्वरी ने कहा कि सरकार महिलाओं को सशक्त और सुरक्षित माहौल देने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संगीता गुप्ता ने सभी महिलाओं एवं छात्राओं से अपने अधिकारों और स्वास्थय के प्रति जागरुक रहने पर जोर दिया। इस दौरान सहायक नगरायुक्त जेपी यादव, लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी, शिक्षिका पूनम व सीमा शर्मा सहित निगम के अनेक अधिकारी शामिल रहे।