‘गौ रक्षक को मार दिया…’, फरसा वाले बाबा की मौत पर बोले कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर
New Delhi : कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने मथुरा में गोरक्षक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने एक वीडियो जारी कर इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि बाबा की हत्या हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने वीडियो जारी कर कहा कि मथुरा में जो गौ रक्षक चंद्रशेखर बाबा ‘फरसा वाले बाबा’ आज जैसा मुझे बताया गया है. गौ तस्करों ने उनकी हत्या कर दी. ये दुखद है, कुछ दिन पहले गोवर्धन में गौ हत्या की बात सुनी थी, फिर कुछ दिन पूर्व वृंदावन के आसपास गौ हत्या की बात सुनी थी. आज फिर से यही घटना सुनने को मिली और आज तो गौ रक्षक बाबा को मार दिया गया. अब ये घटना है या सोची समझी हत्या है. इसकी जांच होनी चाहिए और ईमानदारी से जांच होनी चाहिए. मैं आशा करता हूं मथुरा के प्रशासन से ईमानदारी से इसकी जांच होगी और इस घटना में जो लोग सम्मिलित हैं उन पर कठोर कार्रवाई होगी.
मथुरा-वृंदावन में बंद होनी चाहिए गौ हत्या- देवकीनंदन ठाकुर
कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने आगे कहा कि एक और निवेदन राष्ट्रपति आज वृंदावन में थे उनके होते हुए अगर इतनी बड़ी घटना हुई है तो ये सोचने का विषय है और चिंता का विषय है. मैं प्रार्थना करूंगा आप सबसे शासन-प्रशासन से मथुरा-वृंदावन में विशेष सतर्कता सावधानी बढ़ती जाए और यहां गौ हत्या बंद होनी चाहिए. उन्होंने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र को मांस और मदिरा मुक्त बनाने की मांग भी दोहराई और कहा कि गौ हत्या पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए. इसकी सारी तैयारी मथुरा प्रशासन को करनी चाहिए. जब गौ रक्षकों को पता है कि गौ वृंदावन से जा रही है तो प्रशासन को भी पता होना चाहिए. इस पर विशेष ध्यान दें यह गौ की हत्या नहीं, संत की हत्या नहीं यह सनातन की हत्या है.
दोनों वाहनों का गौ तस्करी से नहीं मिला कोई संबंध- एसएसपी
थाना कोसी क्षेत्र में कल रात्रि लगभग 03:00-04:00 बजे के मध्य चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा द्वारा एक वाहन को संदेह के आधार पर रोका गया था। इसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक ट्रक की टक्कर लगने से उनकी दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई।
जिस कंटेनर को बाबा ने रोका था उसमें किराने… https://t.co/RqGwpgmkzu
— MATHURA POLICE (@mathurapolice) March 21, 2026
हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस का अलग पक्ष सामने आया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना हत्या नहीं बल्कि एक सड़क दुर्घटना है. पुलिस ने बताया कि कोसीकलां थाना क्षेत्र में रात करीब 3 से 4 बजे के बीच फरसा वाले बाबा ने एक संदिग्ध वाहन को रोका था. इसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
जांच में सामने आया कि जिस वाहन को रोका गया था, उसमें किराने का सामान पाया गया और जो ट्रक पीछे से आया राजस्थान नंबर का, जबकि उस ट्रक में तार लदे हुए थे. जो ट्रक है उसके चालक और परिचालक दोनों अलवर राजस्थान के रहने वाले हैं. ट्रक दुर्घटनाग्रस्थ हुआ और चालक भी चोटिल हुआ है, जो कि उपचार रत है. दोनों वाहनों का गौ तस्करी से कोई संबंध नहीं मिला है.
पुलिस ने यह भी बताया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर पत्थरबाजी की. कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध आवश्यक बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है. अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
