शाहजहांपुर में बुलडोजर से तोड़ी गईं शहीदों की प्रतिमाएं, CM योगी ने लिया संज्ञान, अधिकारी सस्पेंड

शाहजहांपुर में बुलडोजर से तोड़ी गईं शहीदों की प्रतिमाएं, CM योगी ने लिया संज्ञान, अधिकारी सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के नगर निगम परिसर में अमर शहीदों की प्रतिमाएं हटाए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. शहीद ठाकुर रोशन सिंह, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाक उल्ला खान की प्रतिमाओं को हटाने की कार्रवाई के बाद शहर में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. इस घटना से स्थानी लोगों में आक्रोश फैल गया है.

बुलडोजर से तोड़ी अमर शहीदों की प्रतिमाएं, लोगों में नराजगी

आरोप है कि नगर निगम द्वारा बुलडोजर की मदद से प्रतिमाओं को तोड़ा गया और बाद में उन्हें अन्य स्थान पर डाल दिया गया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं. इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों में आक्रोश फैल गया है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद संज्ञान लिया है. जानकारी के अनुसार, जिस फर्म द्वारा यह कार्य कराया जा रहा था, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है. इसके साथ ही इस परियोजना से जुड़े जेई (जूनियर इंजीनियर) एवं संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

‘शहीदों की प्रतिमाओं को जैसे के तैसे पुनः स्थापित किया जाएगा’- धर्मेंद्र प्रताप

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शहीदों की प्रतिमाओं को जैसे के तैसे पुनः उसी स्थान पर स्थापित कराया जाएगा और पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. शाहजहांपुर, जिसे शहीदों की नगरी के रूप में जाना जाता है, वहां इस तरह की घटना को लेकर लोग प्रशासन से जवाब और सम्मानजनक समाधान की मांग कर रहे हैं. फिलहाल शहर में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है.


Leave a Reply