किसान व गरीब विरोधी हैं प्रदेश की भाजपा सरकार: वर्मा

किसान व गरीब विरोधी हैं प्रदेश की भाजपा सरकार: वर्मा
  • सहारनपुर में मिरगपुर में किसानों की बैठक को सम्बोधित करते भाकियू वर्मा के अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा।

देवबंद। भारतीय किसान यूनियन वर्मा व पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। प्रदेश में गन्ना पेराई सत्र के तीन माह बीतने के बावजूद अभी तक गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश के गन्ना किसान भाजपा को किसी भी कीमत पर वोट नहीं देंगे तथा गन्ने का दाम न बढ़ाना भाजपा को बहुत महंगा पड़ेगा।

भगतसिंह वर्मा आज देवबंद के गांव मिरगपुर में बाबा फकीरादास के मेले के दौरान किसानों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बार गन्ना उत्पादन पर सबसे अधिक लागत आई है और गन्ने की पैदावार भारी लागत के बावजूद 25 से 30 प्रतिशत कम हो गई है। इसके बावजूद गन्ने का मूल्य न बढ़ाना किसानों की घोर उपेक्षा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रतिवर्ष 40 हजार करोड़ रूपए से अधिक एक्साइज ड्यूटी के रूप में गन्ना किसानों के दम पर राजस्व वसूल रही है। इसके अलावा गन्ने से उत्पादित एल्कॉहल और एल्कोहल से बनने वाले हजारों उत्पादों पर एक लाख करोड़ रूपए के आसपास टैक्स वसूल रही है। इस हिसाब से प्रदेश सरकार को किसानों की बढ़ती लागत को देखते हुए गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रूपए प्रति कुंतल करना चाहिए था। लेकिन किसान व गरीब विरोधी भाजपा सरकार जानबूझकर किसानों को गरीब बनाने पर तुली हुई है। इसके लिए सभी किसानों को एकजुट होकर बड़ा संघर्ष करना होगा।

इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुधीर चौधरी, रामकिशन सैनी एडवोकेट, आजाद सिंह, रामपाल सिंह, मौ.अब्दुल, वाहिद मुन्ना, मौ. शाहिद, मौ. जाहिद, संजय चौधरी, नरेंद्र सिंह फौजी, ऋषिपाल प्रधान, चौ. नीरपाल सिंह गुर्जर, ऋषिपाल सिंह गुर्जर, भूपेंद्र चौधरी, डा. यशपाल त्यागी, महीपाल सिंह फौजी, रविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।