भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने की मौलाना अरशद मदनी से औपचारिक मुलाकात
- मौलाना अरशद मदनी से मुलाकात करते भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली
देवबंद [24CN]: चुनावी मौसम मंे प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने जमीयत उलमा ए हिन्द के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर सियासी हलको में सुगबुगाहट पैदा कर दी। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि उनकी मुलाकात औपचारिक थी और वह केवल मौलाना का स्वास्थय जानने के लिए आये थे और चुनाव के सम्बन्ध में उनसे कुछ खास बातचीत नही हुई है।
शनिवार को देवबंद पहुंचे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने जमीअत उलमा ए हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना सैयद अरशद मदनी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनसे दुआएं ली। कुंवर बासित अली ने बताया कि वह देवबंद में मौलाना सैयद अरशद मदनी से मुलाकात करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मौलाना सैयद अरशद मदनी हमारे बुजुर्ग और बड़े हैं मैं उनसे सिर्फ दुआएं लेने और उनका स्वास्थ्य जानने के लिए आया था। उन्होंने बताया कि मौलाना से चुनाव संबंधी कोई खास बात नहीं हुई लेकिन उनसे मौजूदा हालात पर चर्चा जरूर हुई है। उन्होंने कहा कि मौलाना सैयद अरशद मदनी हम सभी के बुजुर्ग हैं और उनकी दुआएं हमारे लिए बहुत जरूरी है। मौलाना के आवास पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली और मौलाना सैयद अरशद मदनी के बीच करीब आधा घंटा मुलाकात हुई है, हालांकि भाजपा नेता कुंवर बासित अली का कहना है कि यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट थी इसमें चुनाव को लेकर किसी तरह की वार्ता नहीं हुई है लेकिन उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बीच मौलाना मदनी से हुई भाजपा नेता की मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाएं होना शुरू हो गई है।
