विकास के नए आयाम स्थापित करेगी प्रदेश सरकार: जसवंत

विकास के नए आयाम स्थापित करेगी प्रदेश सरकार: जसवंत
  • सहारनपुर में चकवाली में राज्यमंत्री जसवंत सैनी का अभिनंदन करते आयोजक।

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार विकास के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दिलाने का काम किया जाएगा।

संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी आज यहां रामपुर मनिहारान विकास खंड के गांव चकवाली में आयोजित अपने सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने जिस तरह बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया है। उसी तरह वर्तमान सरकार भी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम करेगी तथा भ्रष्टाचार व भयमुक्त प्रदेश बनाने का काम किया जाएगा।

क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों व लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा को समर्थन देने का काम किया है। इससे साबित होता है कि भाजपा ही प्रदेश के गरीब, किसान, मजदूर, दलित व पिछड़ों की सच्ची हितैषी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास की धारणा के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से प्रदेश का सर्वांगीण विकास करने का काम कर रही है। आगामी पांच सालों में उत्तर प्रदेश देश का सबसे विकसित राज्य होगा।

सम्मान समारोह को ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विजयपाल सिंह, देहात मंडल अध्यक्ष विनोद पंवार, रामपुर नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान कृष्ण चंद सैनी, दीपक सैनी समेत भारी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।