नालंदा के शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान भगदड़, 8 लोगों की मौत; कई श्रद्धालु घायल
बिहार के नालंदा में मंगलवार (31 मार्च, 2026) की सुबह एक मंदिर में मची भगदड़ के चलते आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई. इनमें ज्यादातर महिलाएं हैं. वहीं कई लोग भगदड़ के चलते घायल हो गए. माना जा रहा है कि मौत का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है. यह घटना दीपनगर थाना इलाके के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर की है.
बताया जा रहा कि भीड़ अधिक होने और व्यवस्था न होने के कारण यह घटना हुई है. फिलहाल घटना के बाद राहत-बचाव का कार्य शुरू हो गया है. अभी तक दो श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की गई है.
हर मंगलवार को पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु
बताते चलें कि हर मंगलवार को यहां पूजा करने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस मंगलवार को सुरक्षा-व्यवस्था पूरी तरह चौपट दिखी. पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ हुई इसी में किसी कारण भगदड़ मच गई. पूरी घटना कैसे हुई है यह अभी पता नहीं चला है. सूचना मिलने के बाद कई एंबुलेंस मौके पर पहुंची. मौके पर एसडीएम भी पहुंचे हैं.
इलाज के लिए भेजा गया सदर अस्पताल
इस घटना में घायल श्रद्धालुओं की संख्या 10 से 12 के करीब है. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. मंदिर परिसर को पूरी तरह खाली करा दिया गया है. घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा है.
आज नालंदा विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह
जानकारी के अनुसार, नालंदा विश्वविद्यालय का आज दीक्षांत समारोह है. राजगीर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शामिल होना है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी रहेंगे. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस तरह के कार्यक्रम के चलते मंदिर की सुरक्षा-व्यवस्था में लापरवाही तो नहीं की गई?
