shobhit University Gangoh
 

क्षतिग्रस्त सडक़ों के निर्माण की मांग को लेकर सपाइयों ने सौंपा ज्ञापन

क्षतिग्रस्त सडक़ों के निर्माण की मांग को लेकर सपाइयों ने सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में नगर विधायक की अगुवाई में ज्ञापन सौंपने जाता सपा का प्रतिनिधिमंडल।

सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सपा व्यापार सभा के प्रदेशाध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सीवर लाइन के लिए खोदी गई सडक़ों का अविलम्ब पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की।

समजावादी पार्टी के पदाधिकारी नगर विधायक संजय गर्ग के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां नगर विधायक संजय गर्ग ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि सहारनपुर में अमृत योजना एवं स्मार्ट सिटी योजना के नाम पर गहरी सीवर लाइन डालने के लिए नए व पुराने शहर में सडक़ें खोदकर डाल दी हैं। अमृत योजना में हकीकत नगर, पंजाबी बाग, साकेत कालोनी, आवास विकास, गिल कालोनी, चंदर नगर, अहमद बाग, हरि मंदिर आदि क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के बाद अधिकांश जगहों पर सडक़ व गलियों का निर्माण नहीं हो पाया है।

उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना में भी पुराने शहर के 21 सैक्टरों का एबीडी सैक्टर के रूप में चयन किया गया था जिसमें मेहंदीसराय, याहया शाह, नदीम कालोनी व अली अग्राहन में कई माह पूर्व 15 किलोमीटर क्षेत्र में सडक़ों व गलियों में सीवर लाइन बिछाई गई है जिसमें से अब तक कुल 1 किलोमीटर क्षेत्र में ही सीवर लाइन बिछाने के बाद सडक़ व गलियों का निर्माण किया गया है। जबकि 14 किलोमीटर सडक़ों व गलियों का निर्माण कार्य शेष है। इस कारण गलियों में कई स्थानों पर गहर गड्ढे बन गए हैं तथा मलबा भी सडक़ पर ही पड़ा हुआ है। इस कारण अनेक राहगीर व वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। वहां के निवासियों के व्यापार व लकड़ी के कारखाने बंद हो चुके हैं। दोनों जगहों के नागरिक नारकीय जीवन जीने को मजबूर हो गए हैं। नालियों के टूटने के कारण गंदा पानी सडक़ों पर बह रहा है।

उन्होंने बताया कि आगामी 19 जुलाई को ईदुलजुहा का पर्व है तथा मानसून सिर पर है। ऐसी स्थिति में सडक़ों पर बेहद गंदगी व कीचड़ के कारण कानून-व्यवस्था की कोई भी समस्या खड़ी हो सकती है। साथ ही बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। इस समस्या को लेकर मंडलायुक्त को भी ज्ञापन सौंपा गया था परंतु ऐसा लगता है कि अमृत योजना और स्मार्ट सिटी परियोजना प्राइवेट लिमिटेड जल निगम सहारनपुर व जीएसपी कंडक्शन कम्पनी के अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच तालमेल नहीं होने के कारण जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में सपा महानगर अध्यक्ष मो. आजम शाह, पार्षद अभिषेक अरोड़ा टिंकू, नूर आलम, शहजाद चौधरी, खुशनसीब, इमरान सैफी, हाजी गुलशेर व फजलुर्रहमान, विपिन जैन आदि शामिल रहे।

Jamia Tibbia