सपाइयों ने जनपंचायत का आयोजन करसुनीं समस्याएं व गिनाई उपलब्धियां

- सहारनपुर में आयोजित जनपंचायत में मौजूद सपा पदाधिकारी।
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जनपद की सभी विधानसभाओं में जनपंचायत का आयोजन कर आम जनता को समाजवादी पार्टी की नीतियों से अवगत कराया तथा उनकी समस्या सुनकर उन्हें लिखित रूप में एकत्रित किया।
रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के गांव घाटेड़ा में आयोजित जनपंचायत को सम्बोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चौ. अब्दुल वाहिद ने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार विकास के नाम पर जनता के साथ छलावा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। आज महंगाई, भ्रष्टाचार और बिगड़ी कानून-व्यवस्था का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय चकरौता रोड स्थित अपने शिविर कार्यालय पर आयोजित जनपंचायत को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक संजय गर्ग ने कहा कि सपा के शासनकाल में शुरू की गई विकास योजनाओं को भाजपा सरकार पूरी कर उन्हें अपनी उपलब्धि बता रही है। जबकि वास्तविकता इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल हवाई घोषणाओं के माध्यम से धर्म व जाति के नाम पर जनता को भ्रमित कर रही है।
इसके अलावा सपा के गंगोह विधानसभा प्रभारी चौ. इंद्रसैन, सपा के पूर्व प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन, पूर्व मंत्री सरफराज खान, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, कार्तिकेय राणा, पूर्व मंत्री विनोद तेजियान, ममता चौधरी ने भी जन पंचायत का आयोजन कर अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया तथा आम जनता की समस्याएं सुनकर उन्हें एकत्रित किया जिन्हें आगामी 30 अगस्त को जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा।
जन पंचायतों में महानगर अध्यक्ष आजम शाह, पूर्व ब्लाक प्रमुख साहब सिंह, सुदेश गुर्जर, इंजी. विजेश शर्मा, परीक्षित वर्मा, कल्याण सिंह, जुमला सिंह, सभासद आफताफ मलिक, बिट्टू लम्बरदार, पार्षद टिंकू अरोड़ा, फैसल सलमानी, शाहनवाज चांद आदि मौजूद रहे।