केरल में विधानसभा का विशेष सत्र जारी, मुख्यमंत्री ने रखा केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव

केरल में विधानसभा का विशेष सत्र जारी, मुख्यमंत्री ने रखा केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव

तिरुवनंतपुरम । केरल में आज विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा है। इस विशेष सत्र में केंद्र के कृषि कानूनों पर चर्चा हो रही है। किसान आंदोलन के बीच केरल में विधानसभा का ये विशेष सत्र चल रहा है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने विधानसभा के विशेष सत्र में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव रखा है।

केरल विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि वर्तमान स्थिति यह स्पष्ट करती है कि यदि यह आंदोलन जारी रहा, तो यह केरल को गंभीर रूप से प्रभावित करेगा। इस बात में कोई संदेह नहीं है कि अगर अन्य राज्यों के खाद्य पदार्थों की आपूर्ति बंद हो जाती है तो केरल भूखा रहेगा।

केरल मंत्रिमंडल ने राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने के लिए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से सिफारिश की थी। केरल मंत्रिमंडल ने 31 दिसंबर को विशेष सत्र बुलाए जाने के लिए राज्यपाल से बात की थी। बता दें कि इससे पहले, राज्यपाल ने विधानसभा के विशेष सत्र के लिए कैबिनेट की सिफारिश को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।