सहारनपुर में विशेष संचारी रोग अभियान एक मार्च से

- सहारनपुर में नगर निगम में आयोजित कार्यशाला में मौजूद सफाई निरीक्षक।
सहारनपुर [24CN] । संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जायेगा। अभियान की तैयारियों को लेकर निगम में आयोजित एक कार्यशाला में सभी सफाई निरीक्षकों को जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने प्रशिक्षण दिया। अभियान एक मार्च से शुरु होकर 31 मार्च तक चलेगा।
अभियान माह में पूरे महानगर में चार बार फॉगिंग व एंटी लार्वा आदि का छिड़काव किया जायेगा। चेचक, मलेरिया, हैपेटाइटिस आदि अनेक संचारी रोगों की रोकथाम के लिए मार्च महीने में चलाये जाने वाले विशेष अभियान के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने सभी सफाई निरीक्षकों को इस संबंध में प्रशिक्षण देते हुए कहा कि निगम के सफाई कर्मचारियों को साफ सफाई के अलावा लोगों को पोस्टर बैनर के माध्यम से तथा घर-घर व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें जागरुक करना होगा।
उन्होंने कहा कि संचारी रोग एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में सीधे संपर्क या परोक्ष रुप से भोजन, पानी व हवा आदि माध्यमों से स्थानांतरित होते हैं। इन्हें संक्रामक रोगों के रुप में भी जाना जाता है। जलकल विभाग को शुद्ध पेयजल के लिए व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन ने कहा कि सड़कों व नाले नालियों की साफ सफाई के अलावा दवाई, एंटी लार्वा का छिड़काव भी आवश्यक किया जाए।
उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने बताया कि महानगर के सभी 70 वार्डो में विशेष सफाई अभियान तो जारी रहेगा ही साथ ही हर रोज 12 वार्डो में एंटी लार्वा, फागिंग व दवाओं का छिड़काव होगा। इस तरह पूरे शहर में मार्च महीने में चार बार फॉगिंग व एंटी लार्वा आदि का छिड़काव किया जायेगा। कार्यशाला में सफाई निरीक्षक आनंद कुमार, सुधाकर, नत्थीलाल, महेश राणा, प्रकाश चंद, आशीष धोलाखंडी, राजवीर सिंह, नीरज कर्णवाल, मनोज कुमार, अमरीश व चंद्रपाल आदि मौजूद रहे।
यह भी पढे >>सिद्धू के करीबी पंजाब कांग्रेस MLA परगट सिंह का अमरिंदर पर निशाना, 2022 के (24city.news)