होली पर 12 चौराहों पर यातायात पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, तीन सवारी व नाबालिग चालकों के काटे चालान
- सहारनपुर में चैकिंग के दौरान बाइक सवार से पूछताछ करती पुलिस।
सहारनपुर। होलिका दहन एवं होली पर्व के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा नगर के 12 प्रमुख चैराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में चालान काटे गए। पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव ने अभियान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि होली पर्व के दौरान बाजारों में खरीदारी तथा बाहर से आने-जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे यातायात का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में लोगों की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है। इसके तहत विशेष रूप से दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाना तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक यातायात ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं शांतिपूर्वक होली पर्व मनाएं।
