यूपी एसआई परीक्षा 2026 सहारनपुर में अभ्यर्थियों के लिए खास व्यवस्था, बारकोड स्कैन कर मिलेगी परीक्षा केंद्र की लोकेशन
- सहारनपुर में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जारी किया गया स्केनर्स।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (यूपीएसआई) भर्ती परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह के निर्देशन में परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों तक आसानी से पहुंचने के लिए बारकोड आधारित विशेष व्यवस्था शुरू की गई है। इस व्यवस्था के तहत जारी किए गए बारकोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र का सटीक मार्ग और लोकेशन मोबाइल पर मिल जाएगी। इससे परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को रास्ता खोजने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और वे समय से अपने केंद्र तक पहुंच सकेंगे।
एसएसपी अभिनन्दन सिंह के नेतृत्व में लागू की गई इस पहल का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को सुगम बनाना और अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। वहीं यातायात पुलिस सहारनपुर ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है।
