जनपद की सभी सीटों पर जीत का परचम लहराएगी सपा: रूद्रसैन

जनपद की सभी सीटों पर जीत का परचम लहराएगी सपा: रूद्रसैन
  • सहारनपुर में सपा के नवनियुक्त प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन का स्वागत करते कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा पूर्ण बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी और जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशी रिकार्ड मतों से अपना परचम लहराएंगे।

प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन आज यहां अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित अपने स्वागत व सम्मान कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज जनता सपा को भाजपा के विकल्प के रूप में स्वीकार करने का काम कर रही है क्योंकि भाजपा की जनविरोधी नीतियों की वजह से समाज का हर वर्ग त्रस्त है। उन्होंने कहा कि सपा में सर्वसमाज को पूरा मान-सम्मान मिल रहा है और जब-जब भी सपा ने सत्ता की बागडोर संभाली, तब-तब सर्वसमाज के लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का काम किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता जीजान से चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं क्योंकि यह चुनाव प्रदेश की दिशा व दशा बदलने का काम करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र व संविधान बचाने की खातिर घर-घर जाकर जनसम्पर्क अभियान चलाने का आह्वान किया ताकि जनपद की सातों विधानसभा सीटों पर सपा का परचम लहराया जा सके।

लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि दलित व पिछड़े वर्ग का हित सपा में ही सुरक्षित है क्योंकि भाजपा शासनकाल में लगातार दलित व पिछड़ा वर्ग के लोगों के अधिकारों का हनन किया गया। उन्होंने भाजपा की जालिम सरकार से निजात दिलाने के लिए सपा प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से जिताने की अपील की। पूर्व मंत्री सरफराज खान ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से प्रदेश में बेरोजगारी व भुखमरी बढ़ी है और अपराध भी चरम सीमा पर पहुंच गया है। ऐसे में सपा ही प्रदेश का विकास कर सकती है। इस दौरान प्रवीण बांदूखेड़ी, रागिब अली, सुदेश गुर्जर, सोनू चौधरी, अमित प्रधान, अनुज प्रधान, अच्छन यादव, हसीन कुरैशी, वेदपाल पटनी, महजबी खान आदि मौजूद रहे।