लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर राज्य की विभिन्न दलों की ओर से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करने का सिलसिला लगातार जारी है। समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को 56 प्रत्याशियों एक और सूची जारी कर दी। यह पार्टी के उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट है। सपा ने एमवाई (मुस्लिम, यादव) फैक्टर का ख्याल रखते हुए 13 टिकट यादव व 10 टिकट मुस्लिम को दिए हैं। सपा ने इस सूची में कुल 22 टिकट अन्य पिछड़ा वर्ग, आठ अनुसूचित जाति व दो अनुसूचित जनजाति को दिए हैं। इस लिस्ट में दारा सिंह चौहान का भी नाम है। उनको घोसी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। यूपी सरकार में मंत्री रहे दारा सिंह चौहान हाल ही में भाजपा छोड़ कर सपा में शामिल हो गए थे।
समाजवादी पार्टी की तीसरी सूची में पांच महिलाओं को भी टिकट दिया गया है। पूर्वांचल के ज्यादातर पार्टी विधायकों को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। बसपा से आने वाले रामअचल राजभर को अकबरपुर, लालजी वर्मा को अंबेडकरनगर की कटेहरी से प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा से आए रमाकांत यादव को फूलपुर पवई से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट से उनके बेटे अरुण कुमार यादव भाजपा से विधायक हैं।
सपा अब तक 254 प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी है। तीसरी सूची में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय को उनकी सीट सिद्धार्थनगर की इटवा से मैदान में उतारा गया है। अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट से राकेश पांडे को उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह बसपा से सपा में आए गोरखुपर की चिल्लूपार से विधायक विनय शंकर तिवारी को सपा ने इसी सीट से प्रत्याशी बनाया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी को उनकी परंपरागत सीट बलिया की बांसडीह से फिर से मैदान में उतारा गया है। भाजपा से सपा में आए मंत्री दारा सिंह चौहान को मऊ की घोसी से उम्मीदवार बनाया गया है। वे मधुबन से विधायक हैं, किंतु इस बार उन्होंने अपनी सीट बदल ली है।
बसपा से सपा में घर वापसी करने वाले अम्बिका चौधरी को बलिया की फेफना सीट से टिकट नहीं मिला है। इस सीट से सपा ने फिर से संग्राम सिंह यादव पर भरोसा जताया है। बाहुबली अभय सिंह को अयोध्या की गोसाईगंज सीट से फिर प्रत्याशी बनाया गया है। पूर्व सांसद दाउद अहमद को लखीमपुर खीरी की मोहम्मदी से मैदान में उतारा गया है। ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी को देवरिया की पथरदेवा, दुर्गा प्रसाद यादव को आजमगढ़, देवरिया की रामपुरकारखाना से गजाला लारी को टिकट दिया गया है। फिल्म अभिनेत्री काजल निषाद को गोरखपुर की कैम्पिरगंज सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
बाराबंकी जिले में बदल गईं नेताओं की सीटें : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाराबंकी जिले में अपने नेताओं की विधानसभा सीटों में बदलाव कर दिया है। राम नगर सीट से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप व बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा टिकट मांग रहे थे। सपा अध्यक्ष ने दोनों में से किसी को भी यह सीट नहीं दी है। गोप को दरियाबाद से उम्मीदवार बनाया है, जबकि राकेश वर्मा को कुर्सी सीट से टिकट दिया है। फरीद महफूज किदवई को राम नगर से प्रत्याशी बनाया गया है। बाराबंकी सीट से वर्तमान विधायक धर्मराज सिंह यादव उर्फ सुरेश यादव को उनकी पुरानी सीट से ही टिकट दे दिया है।
कई नेताओं के बेटों को भी मिला टिकट : सपा ने इस बार कई नेताओं के बेटों को भी टिकट दिया है। लखीमपुर खीरी की धौरहरा सीट से दो बार विधायक रह चुके पूर्व मंत्री यशपाल चौधरी के बेटे वरुन चौधरी को धौरहरा से टिकट दिया गया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर के बेटे कमलाकान्त राजभर को उनकी सीट दीदारगंज से प्रत्याशी बनाया गया है। बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे राकेश वर्मा को भी सपा ने कुर्सी सीट से प्रत्याशी बनाया है। इसी प्रकार पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी के बेटे अतुल चौधरी को बस्ती की कप्तानगंज सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
गठबंधन के अब तक 289 प्रत्याशियों की सूची जारी : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से अब तक प्रत्याशियों की तीन सूची जारी की जा चुकी है। पहली लिस्ट में 159, दूसरी सूची में 39 और तीसरी लिस्ट में 56 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। इस तरह समाजवादी पार्टी ने विधानसभा की कुल 403 में से अब तक 254 सीटों के लिए उम्मीदवार तय कर दिए हैं। यदि समाजवादी पार्टी गठबंधन की बात करें तो कुल 289 सीटें घोषित हो चुकी हैं। इनमें राष्ट्रीय लोकदल की 33, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक-एक प्रत्याशी शामिल हैं।
सपा के 56 प्रत्याशियों की सूची
- क्रम संख्या : जिला : विधानसभा क्षेत्र : प्रत्याशी का नाम
- 1. लखीमपुर : धौरहरा : वरुन चौधरी
- 2. लखीमपुर : मोहम्मदी : दाउद अहमद
- 3. हरदोई : सवाइजपुर : पदमराज सिंह पम्मू
- 4. हरदोई : बालामऊ (सुरक्षित) : रामबली वर्मा
- 5. अमेठी : तिलोई : मोहम्मद नईम गुर्जर
- 6. प्रतापगढ़ : बाबागंज (सुरक्षित) : गिरिजेश
- 7. कौशांबी : चायल : पूजा पाल
- 8. प्रयागराज : फूलपुर : मुर्तजा सिद्दीकी
- 9. बाराबंकी : कुर्सी : राकेश वर्मा
- 10. बाराबंकी : रामनगर : फरीद महफूज किदवई
- 11. बाराबंकी : बाराबंकी : धर्मराज सिंह यादव सुरेश यादव
- 12. बाराबंकी : दरियाबाद : अरविंद सिंह गोप
- 13. अयोध्या : गोसाईगंज : अभय सिंह
- 14. अंबेडकरनगर : कटेहरी : लालजी वर्मा
- 15. अंबेडकरनगर : आलापुर (सुरक्षित) : त्रिभुवन दत्त
- 16. अंबेडकरनगर : जलालपुर : राकेश पांडेय
- 17. अंबेडकरनगर : अकबरपुर : रामअचल राजभर
- 18. बहराइच : महसी : केके ओझा
- 19. बलरामपुर : गैसड़ी : डा. एसपी यादव
- 20. बलरामपुर : बलरामपुर (सुरक्षित) : जगराम पासवान
- 21. सिद्धार्थनगर : कपिलवस्तु (सुरक्षित) : विजय कुमार
- 22. सिद्धार्थनगर : इटवा : माता प्रसाद पांडेय
- 23. सिद्धार्थनगर : डुमरियागंज : सईदा खातून
- 24. बस्ती : कप्तानगंज : अतुल चौधरी
- 25. गोरखपुर : कैंपियरगंज : काजल निषाद
- 26. गोरखपुर : पिपराइच : अमरेंद्र निषाद
- 27. गोरखपुर : गोरखपुर ग्रामीण : विजय बहादुर
- 28. गोरखपुर : सहजनवां : यशपाल रावत
- 29. गोरखपुर : खजनी (सुरक्षित) : रूपवती
- 30. गोरखपुर : बांसगांव (सुरक्षित) : डा. संजय कुमार
- 31. गोरखपुर : चिल्लूपार : विनय तिवारी
- 32. देवरिया : पथरदेवा : ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी
- 33. देवरिया : रामपुर कारखाना : गजाला लारी
- 34. देवरिया : भाटपाररानी : आशुतोष उपाध्याय
- 35. आजमगढ़ : अतरौलिया : संग्राम सिंह यादव
- 36. आजमगढ़ : गोपालपुर : नफीस अहमद
- 37. आजमगढ़ : आजमगढ़ : दुर्गा प्रसाद यादव
- 38. आजमगढ़ : निजामाबाद : आलमबदी
- 39. आजमगढ़ : फूलपुरपवई : रमाकांत यादव
- 40. आजमगढ़ : दीदारगंज : कमलाकांत राजभर
- 41. आजमगढ़ : लालगंज (सुरक्षित) : बेचई सरोज
- 42. मऊ : घोसी : दारा सिंह चौहान
- 43. बलिया : सिकंदरपुर : जियाउद्दीन रिजवी
- 44. बलिया : फेफना : संग्राम सिंह
- 45. बलिया : बांसडीह : रामगोविंद चौधरी
- 46. जौनपुर : बदलापुर : बाबा दुबे
- 47. जौनपुर : शाहगंज : शैलेंद्र यादव ललई
- 48. जौनपुर : मलहनी : लकी यादव
- 49. जौनपुर : केराकत (सुरक्षित) : तूफानी सरोज
- 50. गाजीपुर : जंगीपुर : वीरेंद्र यादव
- 51. गाजीपुर : जमानिया : ओम प्रकाश सिंह
- 52. चंदौली : सकलडीह : प्रभुनाथ सिंह
- 53. भदोही : भदोही : जाहिद बेग
- 54. सोनभद्र : राबर्टसगंज : अविनाश कुशवाहा
- 55. सोनभद्र : ओबरा : सुनील सिंह गौड़
- 56. सोनभद्र : दुद्धी (सुरक्षित) : विजय सिंह गौड़