सपा अध्यक्ष अखिलेश ने बोला सरकार पर हमला, बोले- भाजपा ने ईडी व सीबीआई काे बनाया हथियार

सपा अध्यक्ष अखिलेश ने बोला सरकार पर हमला, बोले- भाजपा ने ईडी व सीबीआई काे बनाया हथियार

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार और नाकामी छिपाने व विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने के लिए ईडी और सीबीआई को हथियार बना लिया है। देश में संविधान बचाने की लड़ाई सबको मिलकर लड़नी होगी। इसके लिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा वोट डालने होंगे।

अखिलेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए सपा कार्यकर्ता भाजपा से भी ज्यादा मजबूत तैयारी करने में जुटे हैं। भाजपा सरकार से हर एक वर्ग परेशान है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। शहरों में सड़कें खराब और टूटी हैं। शहरों में हाउस टैक्स और वाटर टैक्स बढ़ा दिया गया है। भाजपा ने सपना स्मार्ट सिटी का दिखाया था लेकिन शहरों में सांड घूम रहें है। जनता नगर निगम चुनाव में भाजपा को महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था का जवाब देगी।

भाजपा की सरकार में वाराणसी में वीवीआईपी संसदीय क्षेत्र में 25 हजार अवैध निर्माण हो गए, जिनमें अधिकांश भाजपा के प्रश्रय प्राप्त लोगों की संलिप्तता है। जनता देख रही है कि अपराध के प्रति भाजपा की झूठी टालरेंस है। छोटी छोटी मासूम बच्चियां तक सुरक्षित नहीं हैं। शहर कूड़े से पटे हुए हैं, सफाई नहीं है। इतने वर्ष सरकार चलाने के बाद भाजपा नगरों के सीवर सिस्टम को ठीक नहीं कर पाई, नालों में गंदगी भरी पड़ी है।