महिला आरक्षण कानून का सपा सांसद इकरा हसन ने किया स्वागत, बोलीं-जल्द किया जाना चाहिये लागू
महिला आरक्षण बिल लागू कराने को लेकर सरकार की रणनीति तेज होती नजर आ रही है, वहीं अब इस पर राजनीतिक गलियारों में बयानों का दौर शुरू हो गया है. कैराना संसदीय सीट से सांसद व समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की नेता इकरा हसन की इस पर प्रतिक्रिया सामने आई है.
महिला आरक्षण बिल पर समाजवादी पार्टी सांसद इकरा हसन ने कहा है कि, “यह बहुत जरूरी है क्योंकि इसे बहुत पहले ही पास कर दिया गया था, लेकिन इसे लागू करने के लिए कोई रोडमैप नहीं था.” कैराना सांसद इकरा हसन ने कहा कि, “एक महिला होने के नाते, मैं इसका स्वागत करती हूँ, और इस बिल को जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए.”
UP AIMIM अध्यक्ष के बयान पर दी प्रतिक्रिया
UP AIMIM के अध्यक्ष हाजी शौकत अली के विवादित बयान पर सांसद इकरा हसन ने कहा है कि “…यह देश आज संविधान के आधार पर चलता है, और भविष्य में भी ऐसा ही रहेगा. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन सी सरकार आती है, संविधान ही सर्वोपरि है, और सभी को कानून-व्यवस्था का पालन करना चाहिए.”
विपक्षी दलों ने चुनाव के बाद की सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग
वहीं सूत्रों का कहना है कि, संसद को एक-दो दिनों के लिए अप्रैल के दूसरे या तीसरे हफ्ते फिर से बुलाया जा सकता है. इसका मुख्य और संभवित एकमात्र मुद्दा महिला आरक्षण संशोधन बिल को पारित कराना होगा. हालांकि,विपक्षी दलों ने मंगलवार (24 मार्च 2026) को सरकार को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन के विषय पर सर्वदलीय बैठक 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद बुलाई जाए. सूत्रों की मानें तो, सरकार महिला आरक्षण बिल को पारित कराने के लिए विशेष तैयारी कर रही है और इसके लिए संसद सत्र की अवधि बढ़ाने या अलग से सत्र बुलाने की योजना बनाई जा रही है.
