शरद यादव के निधन पर सपाइयों ने जताया शोक

- सहारनपुर में पूर्व केंद्रीय शरद यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित करते सपाई।
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों व सिद्धांतों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। स्थानीय अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित शोकसभा को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ नेता व पूर्व दर्जा मंत्री सरफराज खान ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने आजीवन समाजवाद की विचारधारा का अनुसरण करते हुए दबे-कुचले समाज की आवाज को बुलंद करने का काम किया और जब-जब भी उन्हें मौका मिला उन्होंने सड़क से लेकर संसद तक दबे-कुचले व शोषित समाज की आवाज बुलंद करने का काम किया।
पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने सदैव अपनी राजनीति के बल पर राष्ट्र विकास को सर्वोपरि रखा और कभी स्वार्थ की राजनीति नहीं की। जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी व चौ. अब्दुल गफूर ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने अपनी प्रतिभा के बल पर राजनीति में एक विशेष पहचान व मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि शरद यादव के निधन से देश की जनता ने एक कुशल राजनेता को खो दिया है।
अमरीश चौटाला व जुमला सिंह ने कहा कि शरद यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में कभी भेदभाव व वंशवाद को आगे बढ़ाने का काम नहीं किया और डा. राममनोहर लोहिया जैसे समाजवाद के पुरोधाओं को अपना आदर्श मानते हुए राजनीति की।
उन्होंने कहा कि शरद यादव के निधन से देश ने एक समाजवाद का पुरोधा खो दिया है जिसकी भरपाई होना संभव नहीं है। इस दौरान वेदपाल पटनी, कुंवरपाल अहमदपुर, रामकुमार विश्वकर्मा, महफूल अंसारी, राव इसरार, कयूम धोबी आदि मौजूद रहे।