सपा जिलाध्यक्ष ने की सुभासपा के अध्यक्ष से मुलाकात

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों पर सपा गठबंधन का परचम लहराने का भी दावा किया।

सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने आज लखनऊ से आते समय सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात की। इस दौरान ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के दिन अब लद चुके हैं क्योंकि भाजपा ने चुनाव से पूर्व जनता से जो वायदे किए थे, वे सब खोखले साबित हुए। उन्होंने कहा कि आज जनता परिवर्तन चाह रही है तथा जनता के पास अखिलेश यादव से बड़ा चेहरा कोई नहीं है। सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने भी पूर्व कैबिनेट मंत्री को जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि सपा-रालोद गठबंधन इस बार जनपद की सभी सातों विस सीटों पर अपना परचम लहराने का काम करेगा।

गौरतलब है कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से गठबंधन कर सरकार बनाने में अहम् भूमिका अदा की थी परंतु अब उन्होंने भाजपा का साथ छोड़कर सपा के साथ गठबंधन कर लिया है। ओमप्रकाश राजभर आज जनपद शामली के थानाभवन में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। इस दौरान उनकी सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के साथ मुलाकात हुई। इस दौरान उनके प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी भी मौजूद रहे।