सपा जिलाध्यक्ष ने किया दर्जनों गांवों का दौरा, की रैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील

- सहारनपुर में सपा की बैठक को सम्बोधित करते जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने आज देवबंद विधानसभा क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में सघन जनसम्पर्क अभियान चलाकर आगामी दस अक्टूबर को तीतरो में होने वाले सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन ने आज देवबंद विधानसभा के विभिन्न गांवों में जनसम्पर्क बैठकों को सम्बोधित करते हुए आगामी 10 अक्टूबर को कस्बा तीतरो में सर्वसमाज के नेता व पूर्व मंत्री चौ. यशपाल सिंह की जयंती पर आयोजित होने वाली रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस प्रकार से आज प्रदेश के हालात चिंताजनक बने हुए हैं, ऐसी स्थिति में सपा ही जनता की समस्याओं का समाधान करने में सक्षम है। उन्होंने आरोप लगाया कि लव जेहाद व धर्मांतरण जैसे मुद्दों को जानबूझ कर उठाया जा रहा है जिससे आगामी विधानसभा चुनाव जाति व धर्म के नाम पर कराया जा सके और जनता के बीच नफरत पैदा की जा सके।
उन्होंने सभी लोगों को सचेत करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में हमें अपनी एकता व अखंडता को कायम रखना होगा तभी हम 2022 के मिशन में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी की आमदनी लगातार घट रही है और महंगाई आसमान छू रही है परंतु सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, गरीब व आम जनता भाजपा के कुशासन से निजात चाहते हैं क्योंकि महंगाई के कारण हर वर्ग परेशान है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जनविरोधी प्रदेश सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए हमें जनता के बीच जाकर उसकी जनविरोधी नीतियों को जगजाहिर करना होगा क्योंकि अब जनता भी भाजपा की असलियत जान चुकी है और सपा को ही एकमात्र विकल्प मान रही है। ऐसे में हमें जनता का विश्वास कायम रखना है जिससे हम 2022 के चुनाव में अपनी जीत का परचम लहरा सकें। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, जिला उपाध्यक्ष तौफीक जग्गी, डा. अजीत, नरेंद्र पंवार, सुदेश गुर्जर, राव सुहेल, पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रविंद्रर सिंह समेत भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।