अतिक्रमण में भेदभाव को लेकर जिलाधिकारी से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल

अतिक्रमण में भेदभाव को लेकर जिलाधिकारी से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल
  • सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते सपा के पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने कस्बा गंगोह में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में किए जा रहे सौतेले व्यवहार के खिलाफ प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन के नेतृत्व में जिलाधिकारी सिंह से मुलाकात कर बिना किसी भेदभाव के अतिक्रमण हटाने तथा सरकारी अस्पताल के पास सड़क पर बने चुंगी भवन को भी ध्वस्त कराए जाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को बताया कि कस्बा गंगोह में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है जिसमें मुंह देखकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने मांग की कि बिना किसी भेदभाव के एक साइड समान रूप से अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए तथा अक्रिमण हटाओ अभियान के दौरान गरीब, रेहड़ी, ठेली खोमचे वालों को परेशान न किया जाए क्योंकि उनका कोई निश्चित रोजगार नहीं है और यही उनकी जीविकोपार्जन का एकमात्र साधन है जिसमें उनके लिए एक निश्चित स्थान तय होने तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

चौ. रूद्रसैन ने गंगोह-सहारनपुर मार्ग पर सरकारी अस्पताल के पास बने चुंगी भवन को ध्वस्त कराने की मांग करते हुए कहा कि चुंगी समाप्त हुए 40 वर्ष हो चुके हैं तथा इस चुंगी भवन के कारण कई घटनाएं भी हो चुकी हैं। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी उत्पीडऩ नहीं होने दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिला पंचायत सदस्य नक्षत्र चौधरी, प्रवीण बांदूखेड़ी, सुरेंद्र, विश्वास, भंवर सिंह, अमजद, भूरा पापड़ी, ऋषिपाल, ललित कुमार आदि शामिल रहे।