एसपी सिटी ने लिया मेला गुघाल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

- सहारनपुर में मेला गुघाल में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एसपी सिटी।
सहारनपुर [24CN]। पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार सिंह व पुलिस उपाधीक्षक नगर प्रथम अजेंद्र यादव ने आज थाना कुतुबशेर क्षेत्रांतर्गत गंगोह रोड स्थित गोगा म्हाड़ी पर लगने वाले ऐतिहासिक मेला गुघाल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधीक्षक अधिकारियों व कर्मचारियों को समुचित दिशा निर्देश दिए।
गौरतलब है कि थाना कुतुबशेर क्षेत्रांतर्गत गंगोह रोड स्थित गोगा म्हाड़ी पर भाद्र पद मास की शुक्ल पक्ष की दसवीं तिथि को श्री जहारवीर गोगाजी महाराज की स्मृति में विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। तीन दिन तक म्हाड़ी पर चलने वाले मेले में सहारनपुर के आसपास के जनपद ही नहीं बल्कि आसपास के प्रदेशों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु म्हाड़ी स्थल पर पहुंचकर छड़ी का प्रतीक चिन्ह निशान व प्रसाद चढ़ाकर म्हाड़ी पर मत्था टेककर मन्नतें मांगते हैं।
मान्यता है कि श्री जाहरवीर गोगाजी की म्हाड़ी पर जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से मंगते मांगता है श्री जाहरवीर गोगाजी महाराज उनकी मन्नतें पूरी करते हैं। श्री गोगाजी महाराज की म्हाड़ी पर लगने वाले मेला गुघाल को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। प्रात: चार बजे से ही म्हाड़ी स्थल पर श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें लग गई थी जहां श्रद्धालुओं ने अपने-अपने क्षेत्र की छडिय़ों पर प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांगी।
मेला गुघाल को शांतिपूर्ण, निर्विघ्न व सकुशल सम्पन्न कराने को लेकर की गई चाकचौबंद सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आज एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ नगर प्रथम अजेंद्र यादव, थाना कुतुबशेर प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को समुचित दिशा-निर्देश दिए।