सपा प्रमुख अखिलेश ने सीएम पर साधा निशाना, बोले- डबल इंजन सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर

सपा प्रमुख अखिलेश ने सीएम पर साधा निशाना, बोले- डबल इंजन सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर

लखनऊ: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर एक बार फिर योगी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में उत्पीड़न, अन्याय और अत्याचार चरम पर है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने कानून-व्यवस्था का अंतिम संस्कार कर दिया है।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में दिन दहाड़े सड़कों पर अपराध हो रहे हैं। अपराधी बेखौफ हैं और दबंगों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। अखिलेश ने प्रयागराज के साथ-साथ उन्नाव के सफीपुर, चंदौली के चकिया, मोहनलालगंज लखनऊ और बुलंदशहर की हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि देश में सबसे ज्यादा खराब कानून-व्यवस्था भाजपा शासित राज्य उत्तर प्रदेश की है।

उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में भाजपा नेताओं की आखों पर पट्टी पड़ गई है। उन्हें यूपी में अंधेर राज दिखाई नहीं दे रहा है। प्रदेश में आम आदमी की सुरक्षा भगवान भरोसे हैं। भाजपा सत्ता की पूरी ताकत राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने में लगा रही है। भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं और आमजन की सुरक्षा से कोई मतलब नहीं है।