सत्ता में आने पर 22 लाख युवाओं को रोजगार देगी सपा: अखिलेश

सत्ता में आने पर 22 लाख युवाओं को रोजगार देगी सपा: अखिलेश
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सत्ता में आने पर मां शाकम्भरी देवी विश्वविद्यालय में रोजगार देने वाले कोर्स शुरू किए जाएंगे जिससे सहारनपुर के नौजवानों को रोजगार मिल सके।

उन्होंने भाजपा पर सबसे अधिक झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को अपना नाम बदलकर भाझपा रख लेना चाहिए। सपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज यहां अम्बाला रोड स्थित सागर रत्ना के सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर की वुड कार्विंग को लेकर विश्व में पहचान है। वुड कार्विंग का जितना बड़ा काम सहारनपुर में होता है, इतना बड़ा कहीं नहीं होता। सपा की सरकार बनने पर वुड कार्विंग एसोसिएशन फर्म बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में सहारनपुर में मुजफ्फरनगर हाइवे बनाया गया। जब मैं पहली बार सहारनपुर आया था तो मुजफ्फरनगर रोड की हालत खस्ता थी जिसे प्राथमिकता के आधार पर बनवाया गया था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर मौलाना महमूदुल हसन मेडिकल कालेज के चिकित्सकों व स्टाफ को गोरखपुर भेजने का आरोप लगाते हुए कहा कि मेडिकल कालेज में जनता को सुविधा नहीं मिल रही है। इसलिए सपा सरकार बनने पर मेडिकल कालेज में पीजीआई जैसी सभी तमाम सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।

सहारनपुर से लखनऊ पांच घंटे में पहुंचने के लिए शानदार सड़कें बनाई जाएंगी। साथ ही सहारनपुर की तरक्की के लिए कुछ विशेष काम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में अभी तक भाजपा सरकार ने किसी को टैबलेट या लैपटॉप नहीं दिया क्योंकि बाबा खुद लैपटॉप या टैबलेट चलाना नहीं जानते। उन्होंने कहा कि भाजपा सर्वाधिक झूठ बोलने वालों की पार्टी है। भाजपा में जो जितना बड़ा नेता, उतना ही बड़ा झूठा है। इसलिए भाजपा को अपना नाम बदलकर भाजपा के नाम पर भाझपा रख लेना चाहिए।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर कानून-व्यवस्था का पूरी तरह पालन किया जाएगा। यदि किसी को माफियागर्दी या गुंडागर्दी करनी है तो वह सपा को वोट न दे। उन्होंने भाजपा से संविधान व लोकतंत्र को खतरा बताते हुए कहा कि समाजवादी अब अम्बेडकरवादियों के साथ मिलकर संविधान व लोकतंत्र की रक्षा करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने के लिए शिलान्यास किया था परंतु आज तक विश्वविद्यालय नहीं बनाया गया। इसी तरह साढ़े चार साल बीतने पर भाजपा सरकार ने लोगों को झांसा देने के लिए शाकुम्भरी देवी राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर यूनिवर्सिटी नहीं बनाई गई। इसी तरह शाकुम्भरी देवी विश्वविद्यालय का भी यही हाल होगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर उत्तर प्रदेश में आईटी सैक्टर में 22 लाख युवाओं को रोजगार देने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जनता को जो बिजली मिल रही है, वह सपा सरकार के शासनकाल की ही देन है क्योंकि सपा सरकार के समय में बड़े ट्रांसमिशन व बिजलीघर बनाए गए थे। जबकि भाजपा के शासनकाल में एक भी बिजलीघर नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में बिजली का बिल अधिक है। इसलिए सपा ने फैसला लिया है कि सत्ता में आने पर 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी तथा सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त होगी। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ को आगामी 10 मार्च को गोरखपुर भेजना है ताकि प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार से निजात दिलाई जा सके।

उन्होंने बेहट विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी उमर अली खान, नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के सपा प्रत्याशी डा. धर्मसिंह सैनी, सहारनपुर नगर सीट के प्रत्याशी संजय गर्ग, देहात विस सीट प्रत्याशी आशु मलिक, देवबंद प्रत्याशी कार्तिकेय राणा, रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट प्रत्याशी विवेककांत व गंगोह सीट के प्रत्याशी चौ. इंद्रसैन को रिकार्ड मतों से जिताने की अपील की।

प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व विधायक इमरान मसूद, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन, जिलाध्यक्ष डा. रागिब अंजुम, रालोद जिलाध्यक्ष राव कैसर, प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, चौ. नक्षत्रपाल सिंह, इंजी. विजेश शर्मा, संदीप उर्फ अच्छन यादव, प्रवीण बांदूखेड़ी, नागेंद्र राणा, मांगेराम कश्यप, महानगर अध्यक्ष मो. आजम शाह, एससी/एसटी सभा के प्रदेशाध्यक्ष राहुल भारती, चौ. ताहिर हसन भी मौजूद रहे।