ईरान पर सरकार के बयान से नाखुश सपा, अफजाल अंसारी बोले- पीएम इस्तीफा दें और विदेश मंत्री को…
New Delhi : इजरायल, अमेरिका और ईरान के युद्ध पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 9 मार्च, सोमवार को राज्यसभा में बयान दिया. उनके बयान पर समाजवादी पार्टी से गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
संसद परिसर में एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में आकर जवाब दें. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से डर गए हैं. सपा सांसद ने कहा कि अगर पीएम मोदी बयान नहीं दे सकते हैं तो इस्तीफा देकर विदेश मंत्री को ही प्रधानमंत्री बना दें.
बता दें राज्यसभा में विदेश मंत्री ने कहा- ‘हमारी सरकार ने 20 फरवरी को एक बयान जारी कर गहरी चिंता जताई थी और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की थी. हमारा मानना है कि तनाव कम करने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी जारी रखनी चाहिए.’
राज्यसभा में ईरान में फंसे भारतीयों पर क्या बोले विदेश मंत्री?
पश्चिम एशिया के हालात पर डॉ. एस जयशंकर ने कहा, ‘भारतीय दूतावास ने तेहरान में कई भारतीय छात्रों को बाहर की जगहों पर शिफ्ट करने में मदद की है. ईरान में व्यासायिक सिलसिलों में आए भारतीय नागरिकों को आर्मेनिया पार करके भारत लौटने में मदद की गई. तेहरान में हमारा दूतावास पूरी तरह एक्टिव है और हाई अलर्ट पर है. हम इस समय भारतीय समुदाय की मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.’
एस जयशंकर ने कहा, ‘इस समय लीडरशिप लेवल पर ईरान के साथ कॉन्टैक्ट करना साफ तौर पर मुश्किल है. ईरान के विदेश मंत्री ने ईरानी वॉरशिप लावन को कोच्चि पोर्ट पर डॉक करने की इजाजत देने के काम के लिए भारत को अपने देश की तरफ से धन्यवाद दिया है.’
विदेश मंत्री ने कहा, ‘कल तक, हमारे लगभग 67,000 नागरिक लौटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर चुके हैं. पश्चिमी एशिया से हमारे लोगों को वापस लाने की पूरी कोशिश की जा रही है.’
