पुलिस की सक्रियता के चलते सपा कार्यकर्ता नहीं कर पाए विरोध प्रदर्शन

पुलिस की सक्रियता के चलते सपा कार्यकर्ता नहीं कर पाए विरोध प्रदर्शन
  • सहारनपुर में सपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी को हिरासत में लेते पुलिसकर्मी।

सहारनपुर [24CN] । नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव बांदूखेड़ी में पुलिस की सक्रियता के चलते सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर कृषि बिलों के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन सपा जिलाध्यक्ष चौ. रूद्रसैन के प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी को नजरबंद करने के चलते नहीं हो पाया। इस कारण सपा कार्यकर्ताओं में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश दिखाई दिया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर सपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि चौ. प्रवीण बांदूखेड़ी के नेतृत्व में सपाइयों ने किसानों के समर्थन में विशाल प्रदर्शन की तैयारियां कर रखी थी। इस कारण सपा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी के निवास पर एकत्र होना शुरू हो गए थे। इसकी भनक जैसे ही पुलिस को लगी तो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने गांव बांदूखेड़ी पहुंचकर प्रवीण बांदूखेड़ी को उनके घर में नजरबंद कर दिया। इस कारण सपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन नहीं कर पाए जिसे लेकर सपा कार्यकर्ताओं में केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार व पुलिस प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी दिखाई दी।

सपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने किसान विरोधी कानून पारित कर देश के अन्नदाता किसान की कमर तोड़ दी है। किसानों को उनकी लागत को दोगुणा मूल्य दिलाने का सब्जबाग दिखाकर केंद्र व प्रदेश की सत्ता में आई भाजपा ने कृषि कानून पारित कर अपनी किसान विरोधी नीतियों को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को केवल पूंजीपतियों के हितों की चिंता है परंतु सपा कार्यकर्ता आखिरी दम तक किसान विरोधी इन काले कानूनों का डटकर विरोध करेंगे। इसके लिए चाहे हमें कोई भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े।


विडियों समाचार