IPL में 8.4 करोड़ वाले इस खिलाड़ी को देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हैं सौरव गांगुली

IPL में 8.4 करोड़ वाले इस खिलाड़ी को देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हैं सौरव गांगुली

IPL 2026 के आयोजन को शुरू होने में अब सिर्फ 3 दिन का बचा है. दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग 28 मार्च से शुरू होगी, पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा. सीजन में कई युवा खिलाड़ी हैं, जिन्हें ऑक्शन में बड़ी रकम मिली थी. उनके प्रदर्शन को देखने के लिए फैंस भी उत्साहित हैं, वहीं सौरव गांगुली ने बताया कि वह किस प्लेयर को देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हैं.

सौरव गांगुली ने आकिब नबी का नाम लिया, जिन्हें ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था. गांगुली ने कहा कि आगामी संस्करण में कई प्लेयर्स आकर्षण का केंद्र रहेंगे, इसमें नबी भी शामिल हैं. तेज गेंदबाज नबी जम्मू कश्मीर से आते हैं. पीटीआई के हवाले से गांगुली ने कहा कि मैं आकिब नबी को देखने के लिए उत्सुक हूं. वाशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा युवा हैं. वे अपने चरम पर हैं, लेकिन मैं देखना चाहूंगा कि आकिब का प्रदर्शन कैसा रहता है.

29 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 41 फर्स्ट क्लास मैचों में 156 विकेट लिए हैं. लिस्ट ए के 36 मैचों में उनके नाम 56 विकेट हैं. उन्होंने 34 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 43 विकेट लिए हैं.

इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर क्या बोले गांगुली

गांगुली ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर भी बात की, उन्होंने कहा ये आगे भी बना रहेगा. बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कुछ समय पहले इस नियम की आलोचना की थी. गांगुली ने कहा कि ये नियम किसी को पसंद और किसी को नापसंद होगा, लेकिन इसके हटने की संभावना न के बराबर है. इस नियम के तहत कोई भी टीम मैच के बीच में किसी एक खिलाड़ी की जगह दूसरे प्लेयर को प्लेइंग 11 में शामिल कर सकती है.

गांगुली ने बताया कि वह चाहते हैं कि हमेशा क्रिकेट से जुड़े रहें, चाहे भूमिका कोई भी हो. अपनी कप्तानी में भारत को 2003 वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचाने वाले गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष रह चुके हैं. वर्तमान में वह CAB (क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल) के अध्यक्ष हैं.


Leave a Reply