shobhit University Gangoh
 

जल्द सुलझ सकती है अहमदाबाद विमान हादसे की गुत्थी, ब्लैक बॉक्स की मेमोरी को सफलतापूर्वक एक्सेस किया गया

जल्द सुलझ सकती है अहमदाबाद विमान हादसे की गुत्थी, ब्लैक बॉक्स की मेमोरी को सफलतापूर्वक एक्सेस किया गया

नई दिल्ली: अहमदाबाद में पिछले दिनों विमान हादसा कैसे हुआ? इसकी गुत्थी जल्द ही सुलझ सकती है। दरअसल,ब्लैक बॉक्स की मेमोरी को सफलतापूर्वक एक्सेस कर लिया गया है और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की लैब में उसका विश्लेषण किया जा रहा है। CVR, FDR से प्राप्त किए गए डेटा की जांच चल रही है। इसकी जानकारी नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने गुरुवार को दी है।

ब्लैक बॉक्स की मेमोरी का किया जा रहा विश्लेषण 

मंत्रालय ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिए गए हैं और उनका विश्लेषण किया जा रहा है। 13 जून की दुर्घटना के बाद AAIB ने अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के अनुरूप अपने महानिदेशक के नेतृत्व में एक बहु-विषयक जांच दल का गठन किया। इस दल में एक विमानन चिकित्सा विशेषज्ञ, एक एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी और विमान के निर्माण की स्थिति से नामित एजेंसी, अमेरिका स्थित राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) के प्रतिनिधि शामिल हैं।

CVR और FDR को जांच के लिए दिल्ली लाया गया

मंत्रालय ने बताया है कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) दोनों बरामद किए गए हैं। एक 13 जून, 2025 को दुर्घटना स्थल पर इमारत की छत से और दूसरा 16 जून, 2025 को मलबे से बरामद किया गया था। इसके बाद, 24 जून, 2025 को पूरी सुरक्षा के साथ IAF विमान द्वारा ब्लैक बॉक्स अहमदाबाद से दिल्ली लाए गए। सामने वाला ब्लैक बॉक्स 24 जून, 2025 को दो बजे AAIB लैब, दिल्ली में पहुंचा। पीछे वाले ब्लैक बॉक्स को 24 जून को AAIB की दूसरी टीम द्वारा लाया गया।

 

Jamia Tibbia