नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), बेटे राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) के साथ चिकित्सा जांच के लिए विदेश जाएंगी।

महंगाई पर 4 सितंबर को हल्ला बोल रैली को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

रमेश ने एक बयान में कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ, चिकित्सा जांच के लिए विदेश यात्रा करेंगी। पार्टी सांसद राहुल गांधी 4 सितंबर को दिल्ली में ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ रैली को संबोधित करेंगे।’

बीमार मां मिलने जाएंगी सोनिया गांधी

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी दिल्ली लौटने से पहले अपनी बीमार मां से मिलने जाएंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से सोनिया गांधी ने की मुलाकात

इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारत की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) से दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। कांग्रेस पार्टी में चल रहे आंतरिक मतभेदों के बीच सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात की है।

हाल ही में, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की संचालन समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि लगातार बहिष्कार और अपमान के बाद उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा था। वे अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगे। उन्होने इसे लेकर सोनिया गांधी को एक पत्र भी लिखा था।

इस बीच, हिमाचल प्रदेश के एआईसीसी प्रभारी राजीव शुक्ला को उन्हें शांत करने के लिए भेजा गया। आनंद शर्मा से मुलाकात के बाद शुक्ला सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली गए।

13 अगस्त को कोरोना संक्रमित हुईं सोनिया गांधी

बता दें, सोनिया  गांधी 13 अगस्त को दोबारा कोरोना संक्रमित हो गईं, जिसकी जानकारी कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने ट्वीट कर दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘आज कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी का कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पाजिटिव आया है। वह सरकार द्वारा जारी प्रोटोकाल का पालन करते हुए आइसोलेशन में रहेंगी।’

इससे पहले, सोनिया गांधी दो जून को भी कोरोना पाजिटिव हो गई थीं, जिसके बाद उन्हें 12 जून को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें हल्का बुखार था। उन्हें 20 जून को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।