फौजियों ने रक्तदान कर बचाई साथी की जान

- सहारनपुर में बीमार साथी के लिए रक्तदान करते फौजी।
सहारनपुर [24CN]। मौत के दरवाजे पर खड़े अपने फौजी साथी को रक्त उपलब्ध कराकर दो फौजियों ने एक बार फिर मानवता की मिसाल कायम की है। दोनों फौजियों के इस कार्य की हर कोई सराहना कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार सशस्त्र सीमा बल का जवान सागर कुमार एसएसबी की चतुर्थ वाहिनी लखनऊ डी समवाय सरसावा में कार्यरत है। फोन के माध्यम से समवाय के प्रभारी निरीक्षक गजन सिंह को बताया कि उसका इलाज सहारनपुर के एनएन जोशी अस्पताल में चल रहा है। सागर ने बताया कि 12 जुलाई को अस्पताल में उसके पेट की रसोली का आपरेशन होना है। इस दौरान उसे रक्त की आवश्यकता पड़ेगी।
तत्पश्चात गजन सिंह ने इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारी सशस्त्र सीमा बल की चतुर्थ वाहिनी में दी। उसके बाद उच्चाधिकारी ने जवान के लिए हर तरह की सहायता के आदेश दिए। निरीक्षक/सामान्य गजन सिंह ने चालक विवेक कुमार के साथ के.एन. जोशी अस्पताल सहारनपुर आकर अपने जवान सागर का मनोबल बढ़ाया और उसे रक्तदान भी किया।
गजन सिंह ने सागर कुमार व उसके परिवार को हरसम्भव सहायता देने का आश्वासन भी दिया। इसके बाद सागर के परिजनों ने सशस्त्र सेना के दोनों कर्मियों का आभार जताया। निरीक्षक/सामान्य गजनसिंह ने कहा कि रक्तदान करने से किसी तरह की कोई कमजोरी नहीं आती है। इससे हमारा शरीर स्वस्थ रहता है। मानवता की सेवा के लिए हर व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे जो भी मिला है, इस देश से मिला है। अब जरूरत है तो यहां अपना फर्ज निभा रहा हूं।