shobhit University Gangoh
 

….तो आगामी 1 अगस्त को किसान करेंगे चीनी मिल पर धरना-प्रदर्शन

….तो आगामी 1 अगस्त को किसान करेंगे चीनी मिल पर धरना-प्रदर्शन
  • सहारनपुर में दयाशुगर मिल पर बैठक करते किसान।

गागलहेड़ी। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने दयाशुगर मिल के अधिकारियों को 15 दिन के अंदर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करने का समय दिया तथा भुगतान नहीं होने की स्थिति में आगामी 1 अगस्त से मिल गेट पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।

भाकियू के सैंकड़ों कार्यकर्ता बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर दया शुगर मिल पहुंचे जहां तहसील अध्यक्ष अनूप सिंह ने कहा कि दयाशुगर मिल ने वर्तमान पेराई सत्र में लगभग 162 करोड़ रूपए का गन्ना खरीदा है जिसमें लगभग 87 करोड़ रूपया गन्ना समिति के पास है। मिल में 20 हजार बोरी चीनी स्टॉक में है। मिल प्रबंधक ने अब 48 प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान किया है तथा 52 प्रतिशत भुगतान आज भी बकाया है। डा. नरेश ने कहा कि मिल प्रबंधन 75 प्रतिशत चीनी, शीरा व खोई बेच चुका है।

उन्होंने बताया कि नियमानुसार मिल द्वारा चीनी एवं शीरा बिक्री की 75 प्रतिशत धनराशि किसानों को भुगतान की जानी चाहिए थी परंतु अब तक 45 प्रतिशत भुगतान किसानों को किया गया है। किसानों से वार्ता करने आए मिल के महाप्रबंधक अरूण भाटी व जीएम केन धनराज सिंह ने किसानों को बताया कि प्रबंधन शीघ्र ही चीनी स्टॉक बेचकर किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान करेगा।

शेष बकाया भुगतान के लिए अन्य माध्यमों से धनराशि का प्रबंध किया जा रहा है जिसके लिए निश्चित तिथि नहीं बताई जा सकती। इस पर किसानों ने मिल प्रबंधन के प्रस्ताव को नकारते हुए 15 दिन में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न होने पर आगामी 1 अगस्त से धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन की चेतावनी दी।

वार्ता के दौरान जिला महासचिव जिलेसिंह, नरेश यादव, चौ. निर्भय फौजी, प्रवीण कुमार, सोनू गुर्जर, रणजीत सिंह, यूसुफ, ललित यादव, भगतसिंह, विनोद सिंह, गजेंद्र, अनूप यादव, गौरव यादव, नरेश यादव, संदीप, करण सिंह, अमरजीत, कालूराम त्यागी, आशु त्यागी, फूल कुमार, राव सत्तार आदि मौजूद रहे।

Jamia Tibbia