….तो 27 दिसम्बर को आयोजित महापंचायत में लिया जाएगा ठोस निर्णय: मलिक

….तो 27 दिसम्बर को आयोजित महापंचायत में लिया जाएगा ठोस निर्णय: मलिक
  • सहारनपुर में निजी स्कूल संचालकों की बैठक को सम्बोधित करते अध्यक्ष डा. अशोक मलिक।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. अशोक मलिक ने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार मदरसों, निजी स्कूलों व मान्यता प्राप्त स्कूलों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है जिसे मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा।

अशोक मलिक आज यहां चंद्रविहार कालोनी स्थित एक स्कूल में आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के अल्पसंख्यक विभाग ने स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा फार्म ऑनलाइन होकर आवेदन किए गए थे जिन्हें संस्थाओं द्वारा अग्रसारित कर दिया गया था लेकिन रात के 12 बजे मुस्लिम छात्र-छात्राओं का कक्षा 1 से 8 तक डाटा आरटीई का हवाला देकर केंद्र सरकार ने अपने पोर्टल से डिलीट कर दिया है। जबकि मदरसे आरटीई के अंतर्गत नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए था कि जो बच्चा आरटीई पोर्टल पर फीस प्रतिपूर्ति का लाभ ले रहा है, उन्हें एनएसपी के पोर्टल से डिलीज करना चाहिए था। यह गरीब व दुर्बल वर्ग के बच्चों के साथ सरकार का धोखा है।

उन्होंने कहा कि सरकार गरीबी नहीं गरीबों को हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि आगामी 27 दिसम्बर को जिला मुख्यालय पर एक शिक्षक महापंचायत बुलाकर और अभिभावक संघ को भी आमंत्रित करके निर्णय लिया जाएगा। यदि इसके बाद भी सरकार नहीं जागी तो संसद का घेराव किया जाएगा।

बैठक को प्रदेश सचिव अमजद अली एडवोकेट, महानगर अध्यक्ष गयूर आलम, मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, जितेंद्र गौरया, महानगर अध्यक्ष खतीजा तौकीर व जिलाध्यक्ष शबाना सिद्दीकी ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान दिनेश रूपड़ी, भोपाल सिंह उनाली, प्रीतम सिंह सबदलपुर, अशोक सैनी, राजकुमार, सरफराज खान, असलम अली, राशिद अली, जौरा सिंह, जावेद आदि मौजूद रहे।