जनपद की सीमाओं से नहीं होने दी जाएगी अवैध शराब की तस्करी: उप आबकारी आयुक्त
- सहारनपुर में आबकारी निरीक्षकों को दिशा-निर्देश देते उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार।
सहारनपुर। उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा कि सहारनपुर मंडल व जनपद में किसी तरह की शराब की तस्करी, बिक्री एवं ओवररेटिंग नहीं होने दी जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उप आबकारी आयुक्त सुधीर कुमार आज अपने कार्यालय कक्ष में अपने अधीनस्थ अधिकारियों को होली के मद्देनजर शराब की तस्करी एवं बिक्री की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी आबकारी निरीक्षक अलग-अलग टीमें बनाकर गांव-देहात एवं सीतावर्ती राज्यों हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ व हरियाणा से अवैध शराब तस्करी न होने दें।
उन्होंने कहा कि आबकारी प्रवर्तन दल अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की सघन चैंकिंग करें तथा गांव देहात में अवैध शराब की खाईबाड़ी पर पूर्णरूप से प्रतिबंध लगाने का काम करें तथा मौके पर ही बरामद देशी शराब, लहन व उपकरणों को नष्ट करा दें तथा इस धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही अमल में लाएं।
उन्होंने ट्रेनों से आने वाले यात्रियों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों से पता चला है कि तस्कर यात्री बनकर भी हरियाणा व पंजाब से अवैध रूप से शराब ला रहे हैं। उन्होंने निरीक्षकों को चेतावनी देते हुए कूहा कि किसी भी निरीक्षक के सैक्टर व सर्किल में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग या मिलावट पाई गई तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
