नई दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी ने अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार गुरुवार को संभाल लिया। इस मंत्रालय की जिम्मेदारी पहले मुख्तार अब्बास नकवी संभाल रहे थे, जिनका राज्यसभा का कार्यकाल गुरुवार को समाप्त हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के दो कैबिनेट मंत्रियों, मुख्तार अब्बास नकवी और आरसीपी सिंह ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

स्मृति इरानी ने पदभार संभालने के बाद जताया मुख्तार अब्बास नकवी का आभार

पदभार संभालने के बाद स्मृति इरानी ने ट्वीट किया, ‘पीएम नरेंद्र मोदी जी के निर्देशन में, आज अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का अतिरिक्त पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के दौरान अपनी उपस्थिति सुनिश्ति करने एवं सहयोग के लिए श्री मुख्तार अब्बास नकवी जी का आभार।’

इससे पहले स्टील मंत्रालय का कार्यभार आरसीपी सिंह और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की जिम्मेदारी मुख्तार अब्बास नकवी संभाल रहे थे। आरसीपी सिंह और नकवी ने बुधवार को त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद इन दोनों मंत्रियों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया।

त्रिपुरा में खाली हुई एक राज्य सभा सीट

समाचार एजेंसी एएनआइ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है जब कोई मौजूदा मंत्री संसद के दोनों सदनों से बाहर हुआ हो। हाल ही में, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से कई भाजपा नेता राज्यसभा के लिए चुने गए। हालांकि पार्टी ने इस बार मुख्तार अब्बास नकवी को राज्यसभा का टिकट नहीं दिया।

बता दें कि आरसीपी सिंह भाजपा की सहयोगी दल, जेडी (यू) से आते हैं।

उन्होंने एक साल पहले 7 जुलाई, 2021 को मोदी सरकार में मंत्री के रूप में शपथ ली थी। बताते चलें कि त्रिपुरा विधानसभा के लिए हाल ही में चुने गए माणिक साहा के इस्तीफे के बाद त्रिपुरा में एक राज्यसभा सीट खाली हो गई। इसके अलावा, कोई भी राज्यसभा सीट नहीं है जो अगले कुछ महीनों में खाली होने वाली है।