पुण्यतिथि पर किया छोटे लोहिया का भावपूर्ण स्मरण

पुण्यतिथि पर किया छोटे लोहिया का भावपूर्ण स्मरण
  • सहारनपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि मनाते सपा कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN] । समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रख्यात समाजवादी चिंतक व पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की ग्यारहवीं पुण्यतिथि पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया तथा जनेश्वर मिश्र के आदर्शो व सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने छोटे लोहिया के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फरहाद आलम गाड़ा व जिला उपाध्यक्ष चौ. अब्दुल गफूर ने कहा कि जनेश्वर मिश्र समाजवाद के सच्चे पुरोधा थे जिन्होंने आजीवन समाजवादी विचारधारा को मजबूत बनाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र के आदर्शों व सिद्धांतों को अपनाकर सपा को मजबूत बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, पूर्व राज्यमंत्री उदयवीर कश्यप व जिला उपाध्यक्ष नवाब गुर्जर ने कहा कि छोटे लोहिया के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र ने मुलायम सिंह यादव के कंधे से कंधा मिलाकर समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने का काम किया और सरकार में रहते हुए सदैव गरीब, पिछड़े व शोषित समाज के कल्याण के लिए योजनाएं बनाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि समाजवाद के सिद्धांत को अपनाकर ही देश व प्रदेश का भला किया जा सकता है। जनेश्वर मिश्र भी इसी के पक्षधर थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह जनेश्वर मिश्र के आदर्शों व सिद्धांतों को अपनाकर सपा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का काम करें ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी राव वजाहत, जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी, जिला सचिव राजेश सैनी बड़कला, नितिन यादव, वेदपाल पटनी आदि सहित भारी संख्या में सपाई मौजूद रहे।