अभूतपूर्व रहा है केंद्र की भाजपा सरकार का नौ वर्ष का कार्यकाल: सिसौदिया

अभूतपूर्व रहा है केंद्र की भाजपा सरकार का नौ वर्ष का कार्यकाल: सिसौदिया
  • सहारनपुर में भाजपा के व्यापारी सम्मेलन में क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते पदाधिकारी।

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। भाजपा के क्षेत्रीय सतेंद्र सिसौदिया यहां गांधी पार्क स्थित सेठ गंगा प्रसाद माहेश्वरी सभागार में आयोजित व्यापारी सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने व्यापारी हित में अनेक काम किए। व्यापारियों की सुविधा के लिए टैक्स सरलीकरण की दिशा में काम किया गया तथा जीएसटी लाकर अनेक प्रकार के टैक्स समाप्त किए गए। इसी तरह नए व्यापार और उद्योग शुरू करने में विभिन्न प्रक्रियाओं को सरल कर कई प्रकार की जटिलताओं को दूर किया गया।

श्री सिसौदिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद गुंडा टैक्स, फिरौती टैक्स, अपहरण टैक्स और रंगदारी टैक्स का खात्मा हुआ है तथा व्यापारी आज बिना किसी भय के अपना व्यापार कर रहे हैं। जबकि 2017 से पहले दिनदहाड़े शोरूम लूटे जाते थे। आवागमन के दौरान व्यापारियों के साथ लूटपाट की जाती थी। इसी तरह हमारी माताओं-बहनों ने नकली जेवर पहनने शुरू कर दिए थे क्योंकि घर से निकलते ही गले की चैन छीन ली जाती थी तथा कान काट लिए जाते थे। उन्होंने देश व प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए व्यापारियों से भाजपा का समर्थन करने की अपील की।

उत्तर प्रदेश के लोनिवि राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने दिखाया कि सेवा कार्य कैसे होते हैं, जब पूरा विश्व कोरोना महामारी का दंश झेल रहा था, तब हमारे प्रधानमंत्री ने आपात परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर अभूतपूर्व तरीके से बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल खंड में आपात परिस्थितियों के चलते लॉकडाउन लगाना पड़ा परंतु प्रधानमंत्री ने गरीबों का ध्यान रखते हुए उनके लिए मुफ्त राशन की गरीब अन्न कल्याण योजना शुरू की ताकि देश में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। गरीबों के जन धन खाते खोले गए जिनमें बाद में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का पैसा सीधे बैंक खाते में जाने लगा। उन्होंने कहा कि 27 करोड़ रूपए से अधिक मुद्रा लोन दिए गए। प्रदेश में आयोजित ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में देशभर के व्यापारियों ने 33.5 लाख करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

व्यापारी सम्मेलन को नगर विधायक राजीव गुम्बर, महापौर डा. अजय कुमार सिंह, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व महापौर संजीव वालिया, पूर्व विधायक नरेश सैनी ने भी सम्बोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन व संचालन रवि जुनेजा ने किया।

इस दौरान कार्यक्रम सहसंयोजक देवबंद नपा चेयरमैन विपिन गर्ग, प्रवीण छाबड़ा, मनोज ठाकुर, राजकुमार मक्कड़, विवेक मनोचा, अमित गर्ग, गौरव गर्ग, नरेश धीमान, रोहित घई, जसवंत सिंह बतरा, मुकुंद मनोहर गोयल, अनित गर्ग, दिनेश जैन बल्ली, पंकज गुप्ता, अनुपम गुप्ता, मुकेश सेठी, शेखर ठकराल, रामजी सुनेजा, शिवकुमार गौड़, रविंद्र मिगलानी, मदनलाल अरोड़ा, संजीव शर्मा आदि व्यापारी मौजूद रहे।