आगामी विधानसभा चुनाव में बनेगी सपा की सरकार: सिंह

- सहारनपुर में सपा के नवनियुक्त प्रदेश सचिव चौ. बख्तावर सिंह का स्वागत करते पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश सचिव चौ. बख्तावर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पुन: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे।
सपा के नवनियुक्त प्रदेश सचिव चौ. बख्तावर सिंह आज यहां अहमद बाग स्थित अपने आवास पर आयोजित स्वागत व सम्मान कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गन्ने का मूल्य भुगतान कराने में विफल रही है। सपा सरकार बनने पर खजाने से किसानों का भुगतान कराया जाएगा तथा गन्ने के मूल्य में रिकार्ड वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में किसान, बेरोजगारी एवं प्रदेश का विकास मुख्य मुद्दा रहेगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. जगपाल दास गुर्जर ने चौ. बख्तावर सिंह को प्रदेश सचिव बनाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने चौ. बख्तावर सिंह को प्रदेश सचिव बनाकर उनकी वफादारी, ईमानदारी व पार्टी के प्रति समर्पण भावना का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि बख्तावर सिंह प्रदेश सचिव बनने से सपा को मजबूती मिलेगी। इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी, राजकुमार प्रधान, सुदेश गुर्जर, रामबीर चौधरी, धर्मवीर चौधरी, नवाब गुर्जर, अनिल त्यागी, तुषार गोयल आदि मौजूद रहे।