देवबंद के बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा, सूनी रही सड़कें

- देवबंद में लोगों ने लॉकडाउन का किया कड़ाई से पालन
देवबंद [24CN] : कोरोना संक्रमण के दिनोंदिन बढ़ रहे मामलों के मद्देनजर प्रदेश सरकार द्वारा लगाए गए साप्ताहिक लॉकडाउन का देवबंद में भी कड़ाई से पालन देखने को मिला। लोग अपने घरों में ही कैद रहे।
कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ रही है देवबंद में भी पिछले तीन दिनों में मरीजों का आंकड़ा १०० की संख्या पार कर गया है। कोरोना के बढ़ रहे प्रकोप को लेकर लोगों में खौफ का माहौल है। संक्रमण रोकने को सरकार ने रविवार को लॉकडाउन की घोषणा की, जिसका देवबंद में भी जबरदस्त असर रहा। लॉकडाउन के चलते लोग अपने घरों में ही रहे। इक्का दुक्का लोग ही जरूरी काम या चिकित्सा सेवाएं लेने के लिए अपने घरों से बाहर निकले। हालांकि नगर में रविवार की साप्ताहिक बंदी होती है, लेकिन लॉकडाउन के चलते सड़कों पर फलों की रेहड़ी और सब्जियों की फड़, दुकानें और चाय आदि के होटल पूरी तरह बंद रहे। जिसके चलते बाजार व सड़कें सूनी नजर आई। प्रशासन ने भी लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया।
नगर के प्रमुख चैराहों समेत स्टेट हाइवे पर पुलिस ने आने जाने वाले वाहनों को रोका। वाहन चालकों व राहगीरों को लॉकडाउन का पालन करने की हिदायत दी। एसडीएम राकेश कुमार, सीओ रजनीश उपाध्याय और प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी क्षेत्र में गश्त कर लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील करते रहे।