लॉकडाउन के दौरान महानगर के बाजारों व सडक़ों पर पसरा सन्नाटा

लॉकडाउन के दौरान महानगर के बाजारों व सडक़ों पर पसरा सन्नाटा
streets during lockdown
  • सहारनपुर में लॉकडाउन के दौरान सूनी पड़ी सडक़ें व बाजार।

सहारनपुर [24CN]। जनपद में आज 59 घंटे के लॉकडाउन के दौरान महानगर के सभी प्रमुख चौराहों, सडक़ों व बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। जनपद में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के चलते जहां अधिकांश लोग अपने घरों में ही कैद रहे। वहीं लॉकडाउन के दौरान सडक़ों पर घूमने वाले लोगों के प्रति पुलिस द्वारा सघन चैकिंग अभियान चलाकर सख्ती बरती गई तथा अनेक लोगों के चालान भी काटे गए।

गौरतलब है कि जनपद में लगातार कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते जिला प्रशासन द्वारा प्रदेश सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप शुक्रवार की शाम आठ बजे से सोमवार प्रात: सात बले तक सम्पूर्ण लॉकडाउन घोषित किया गया है क्योंकि विगत दिवस भी जनपद में कोरोना वायरस के 546 मामले सामने आए थे तथा 13 लोगों की मौत हो गई थी। सम्पूर्ण लॉकडाउन के दौरान महानगर के सभी प्रमुख चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा लॉकडाउन का सख्ती के साथ पालन कराया गया। आज जिला प्रशासन द्वारा सभी चिकित्सालयों में कोविड-19 की वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की गई थी जिसके लिए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए अस्पताल जाने-जाने की छूट प्रदान की गई थी जिसका फायदा उठाते हुए अनेक लोग सडक़ों पर आते-जाते दिखाई दिए। परंतु पुलिस की सख्ती के चलते अनेक लोगों को बैरंग लौटना पड़ा।

विभिन्न चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा अनेक लोगों के चालान काटने के साथ-साथ कई को कड़ी फटकार लगाते हुए उन्हें घर वापस भेजा गया। उधर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व एसएसपी डा. एस. चन्नपा ने भी अम्बाला रोड स्थित थाना कुतुबशेर क्षेत्र में सम्पूर्ण लॉकडाउन का निरीक्षण किया तथा सडक़ पर आने वाले लोगों से पूछताछ भी की। इसके अलावा जनपद के रामपुर मनिहारान, नानौता, तीतरो, गंगोह, सरसावा, चिलकाना, बेहट, बिहारीगढ़, मिर्जापुर, छुटमलपुर, फतेहपुर, गागलहेड़ी, नागल, देवबंद व बडग़ांव में भी पुलिस द्वारा सघन चैकिंग अभियान चलाकर बिना मॉस्क व बिना वजह घूमने वाले लोगों के चालान काटे गए तथा सख्ती के साथ सम्पूर्ण लॉकडाउन का पालन कराया गया।