उ0प्र0 गन्ना शोध परिषद के प्रतिष्ठित इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए शोभित विश्विद्यालय के छात्र का हुआ चयन
गंगोह [24CN] : दिनाँक 7-01-2024 को शोभित विश्विद्यालय गंगोह के एम.एस.सी. (रसायन विज्ञान) के छात्र शावेज अहमद का चयन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित उ0प्र0 गन्ना शोध परिषद इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए हुआ है। छात्रों को अत्यधिक प्रतिस्पर्धात्मक रूप से चुना गया था, और इंटर्नशिप कार्यक्रम में प्रदेश भर से 11 छात्रों का चयन किया गया है। प्रतिष्ठित इंटर्नशिप कार्यक्रम में चुने जाने के बाद छात्र उ0प्र0 गन्ना शोध परिषद, शाहजहाँपुर में 60 दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
अग्रणी प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्र प्रशिक्षुओं को गन्ना अनुसंधान, चीनी रसायन विज्ञान, जैव रसायन, किण्वन प्रौद्योगिकी और अल्कोहल प्रौद्योगिकी उद्योग में करियर का समर्थन करने के साधन के रूप में नवीन नैनोटेक्नोलॉजी अनुसंधान परियोजनाओं में शामिल होने का एक अनूठा अवसर देता है।
इस अवसर पर शोभित विश्विद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह ने इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए चुने गए छात्र को शुभकामनायें दी और कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से छात्र गन्ना अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी अनुसंधान के बारे में जानेगा। शोभित विश्विद्यालय गंगोह के कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने भी छात्र को शुभकामनायें दी और कहा शोभित विश्विद्यालय अपनी सर्वोत्तम शिक्षा से क्षेत्र भर के छात्रों को आकर्षित करता है और छात्रों को एक अनूठा शैक्षणिक अनुभव प्रदान करता है। रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ नवीन कुमार ने भी छात्र को बधाई दी।
