भाजपा से शिवराज सिंह व सपा से नुसरत साबरी ने जताई दावेदारी

सहारनपुर। सहारनपुर नगर निगम के महापौद का पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने के चलते एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी में दावेदारों की कतार लगी हुई है। वहीं दूसरी ओर सपा-बसपा में भी मेयर पद के दावेदारों ने अपनी-अपनी दावेदारी दमदार तरीके पेश की है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद को पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी में निवर्तमान महापौर संजीव वालिया एवं विगत चुनाव में महापौर पद के प्रबल दावेदार रहे डा. अजय कुमार सिंह का नाम लिया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर गंगोह विकास खंड के पूर्व ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य रहे चौ. शिवराज सिंह एडवोकेट द्वारा अपनी प्रबल दावेदारी जताने के बाद भाजपाई खेमे में खलबली मची हुई है क्योंकि सहारनपुर जनपद को गुर्जर बाहुल्य माना जाता है तथा गुर्जर बिरादरी सहारनपुर व कैराना सीट पर निर्णायक स्थिति में है जिसके चलते भाजपाई हाईकमान द्वारा सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद पर किसी गुर्जर प्रत्याशी को उतारने की चर्चाएं गूंज रही हैं। ऐसी स्थिति में पूर्व ब्लाक प्रमुख चौ. शिवराज सिंह को टिकट मिलना निश्चित माना जा रहा है।

उधर समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा किए गए अनुरोध को डा. कलीम अहमद द्वारा ठुकराने के बाद सपा में भी टिकट के दावेदारों द्वारा अपनी भागदौड़ शुरू कर दी गई है। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश कोषाध्यक्ष इंजी. विजेश शर्मा जहां पूर्व में ही अपनी प्रबल दावेदारी पेश कर चुके हैं, वहीं प्रमुख व्यापारी नेता नसुरत साबरी ने भी आज सपा जिलाध्यक्ष चौ. अब्दुल वाहिद को सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए अपना आवेदन पत्र सौंपकर प्रत्याशी बनाने की मांग की। इस दौरान सपा युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव नागेंद्र राणा, युवजन सभा के पूर्व महासचिव जमाल साबरी, जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी, अमरीश चौटाला एव वेदपाल पटनी आदि मौजूद रहे।