शिवपाल यादव का बड़ा दावा, बोले- बदायूं में जब्त होगी भाजपा की जब्त जमानत; स्वामी प्रसाद मौर्य पर भी दिया बयान
बदायूं। बदायूं लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पहली बार जिले में आए शिवपाल यादव का कछला से लेकर उझानी तक कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उझानी के ज्ञान वेंकट हाल पहुंच कर उन्होंने मीडिया से बात की। जिसमें भाजपा की सरकार को नकारा बताया।
कहाकि पूरे देश में भाजपा को हराने के लिए जनता तैयार है। बदायूं में तो भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त होने की बात कही। उन्होंने कहाकि भाजपा के लोग बड़ी बड़ी बातें करने में माहिर हैं। 80 सीट जीतने की बात कह रहे लेकिन 80 सीट पर प्रत्याशी नहीं उतार पा रही।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग घमंड में हैं। वह जो चाहे कर रहे हैं। लेकिन जनता के हित में कोई काम नहीं किया। जो वादे किए सब खोखले निकले।
भगवान बुलाएंगे तो जाएंगे अयोध्या
राम मंदिर जाकर दर्शन करने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि अब मंदिर तो बन ही गया है। भगवान बुलाएंगे तो जरूर दर्शन करने अयोध्या जाएंगे।
कांग्रेस में शामिल हो जाएं स्वामी प्रसाद तो अच्छा
कांग्रेस के लोगों के स्वामी प्रसाद मौर्य से मिलने पर उनके इंडिया गठबंधन में शामिल होने के कयास पर शिवपाल बोले, वह कांग्रेस के साथ शामिल हो जाएं तो अच्छा है।
खत्म होगी सबकी नाराजगी
चुनाव से ठीक पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी और आबिद रजा समेत अन्य नेताओं की नाराजगी पर शिवपाल ने कहा कि कोई नाराज नहीं रहेगा। अब हम आ गए हैं, सबको मना लेगें। सब चुनाव लड़ाएंगे। जरूरत पड़ी तो उनके घर भी जाएंगे।
