जीव का कल्याण करती है शिव महापुरणा कथा: कालेंद्रानंद

जीव का कल्याण करती है शिव महापुरणा कथा: कालेंद्रानंद
सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में श्री शिवमहापुराणा कथा को विश्राम देते स्वामी कालेंद्रानंद महाराज।

सहारनपुर। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि शिव महापुराण कथा जीव का कल्याण करती है। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज देहरादून रोड स्थित जमालपुर में महाकालेश्वर महादेव मंदिर समिति द्वारा आयोजित शिव महापुराण कथा विश्राम पूर्णाहुति अवसर पर ज्ञान की अमृत वर्षा कर रहे थे।

महाराज श्री ने कहा कि शिव महापुराण कथा जीव को साधना के मार्ग में  ले जाती है। शिवजी का चरित्र भक्ति व ज्ञान मार्ग का पथ है। ज्ञान मार्ग के बिना प्रभु की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिव ही जीव की मुक्ति का मूल साधन है अर्थात जो जीव अपने जीवन को शिव के चरणों में समर्पित कर देता है, उसकी मोक्ष और मुक्ति निश्चित हो जाती है। उन्होंने कहा कि शिव का पथ सरल भक्ति का है, जो जीव को आत्म साक्षात्कार करवाकर मोक्ष की ओर ले जाता है। इसलिए प्रत्येक जीव को शिव की शरणागरी होकर उनका तप एवं ध्यान करना चाहिए।

महाराज श्री ने सब भक्तों को अपना जीवन जनकल्याण में समर्पित करने का आह्वान किया और शिव का कोई भी छोटा बड़ा मंत्र जनकल्याण में जाप करने का आवाहन  किया। उन्होंने कहा शिव ही जगत का मूल तत्व है। शिव ही आत्म तत्व है और शिव ही परमात्मा है। आत्मा और परमात्मा के मिलन में शिव की भक्ति अति आवश्यक है। इसी में जीव का कल्याण है। इससे पूर्व श्री महाकालेश्वर मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित शिव महापुराण कथा में  मुख्य यजमान सुरेश गुप्ता, संजय सैनी, सुरेश पाल कश्यप ने व्यास पीठ का पूजन करवाया और शिव महापुराण का पूजन किया। महाराज श्री को तिलक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शिव महापुराण कथा पूर्ण होने पर महाराज श्री के द्वारा पूर्णाहुति कर कथा को विश्राम दिया गया शिव महापुराण की आरती उतारी गई। अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुखबीर कश्यप, सागर गुप्ता, नीरज कश्यप, रमेश गुप्ता, मांगेराम कश्यप, शिव कश्यप, सीताराम कश्यप, अंजलि, साक्षी, पूनम, गीता, राखी, बबीता सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।