शिया सोगवारों ने हाय हुसैन की सदाएं बुलंद कर निकाला मातमी जुलूस

- हाय हुसैन की सदाएं बुलंद कर मातमी जुलूस निकालते शिया सौगवार
देवबंद: हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में यौम-ए-आशुरा पर थीतकी गांव में जुलूस निकाला गया। शिया सोगवारों ने हाय हुसैन-हाय हुसैन की सदाएं बुलंद कर छूरियां, जंजीरें व कमाह शरीर पर बरसाते हुए खुद को लहूलुहान कर मातम किया। इसके उपरांत सोगवार गमगीन माहौल में जुलूस को करबला तक ले गए। जहां ताजियों को दफन किया गया।
नौ मुहर्रम पर शिया सोगवारों ने रात में जागकर शब्बेदारी करते हुए मजलिस की। जिसमें शिया धर्मगुरूओं ने करबला का दर्द भरा किस्सा बयान किया तो सोगवारों की आंखें नम हो गईं। दस मुहर्रम की सुबह लोग नमाज-ए-आशुरा अदा करने जंगल गए। इसके उपरांत हजरत इमाम हुसैन और उनके परिवार की याद में मातमी जुलूस निकाला गया।
इस दौरान सोगवारों ने कमाह, छूर्रियों, जंजीरों आदि से शरीर को लहूलुहान कर मातम किया। जुलूस इमामबाड़े से शुरू होकर मुख्य बाजार व हुसैनी चैक से होता हुआ करबला पहुंचा। यहां ताजियों को दफनाने के बाद अलविदा पढ़ा गया। इसमें पूर्व राज्य मंत्री सैयद ईसा रजा, अथर नकवी, शब्बीर प्रधान, गजनफर, फिरोज हैदर, तसद्दुक हुसैन, मुतवल्ली बाकिर आदि मौजूद रहे।