‘Congress के शहजादे को कोई Serious नहीं लेता’, राहुल गांधी के बयान पर शेखावत का तीखा पलटवार
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने राहुल गांधी के ‘देश बेचने’ वाले बयान पर तीखा हमला बोलते हुए इसे भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला बताया है। शेखावत ने राहुल गांधी की राजनीतिक समझ और मानसिक क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी अपरिपक्व टिप्पणियों पर विचार करने की आवश्यकता है।
भाजपा नेता ने कहा कि माफ़ करने की भी एक सीमा होती है। कांग्रेस के शहजादे को कोई गंभीरता से नहीं लेता, ख़ुद कांग्रेसी भी नहीं, लेकिन उनके मानसिक स्वास्थ्य पर विचार की आवश्यकता जरूर है। इस तरह जो मुँह में आया वो बोलने से देश का तो कुछ नहीं बिगड़ने वाला लेकिन जगहंसाई जरूर होगी कि भारत में अपोजिशन का लीडर ‘डिस्टर्ब’ है। ये टिप्पणियां तब आईं जब गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के ढांचे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर हमला किया था।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने देश को बेच दिया है। सोमवार को एक वीडियो संदेश में, भाजपा द्वारा भारतीय युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को “शर्मनाक” करार दिए जाने के जवाब में, राहुल गांधी ने व्यापार समझौते के ढांचे को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि मोदी जी, क्या आप शर्म की बात करते हैं? मैं आपको बताता हूँ शर्म क्या होती है। आपका नाम, आपके मंत्री का नाम और आपके मित्र का नाम एपस्टीन फाइलों में एक साथ आना, ऐसे घिनौने अपराधी से जुड़ना – यह शर्मनाक है। आपने अमेरिका के साथ जो व्यापार समझौता किया है, जिसमें आपने देश को बेच दिया है।
