NCP में फूट डालकर BJP के साथ जाएंगे अजित पवार? अटकलों पर शरद पवार का आया बयान

NCP में फूट डालकर BJP के साथ जाएंगे अजित पवार? अटकलों पर शरद पवार का आया बयान

कोलकाता। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता अजीत पवार की काफी समय से एनसीपी से बगावत की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब इस मुद्दे पर शरद पवार का बयान सामने आया है।

शरद पवार ने अटकलों पर लगाया विराम

एनसीपी प्रमुख ने अजित पवार की कथित बगावत की अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि अजीत चुनाव संबंधी कामों में व्यस्त हैं। यह सारी बातें सिर्फ मीडिया में हैं। वहीं, एनसीपी नेता अनिल पाटिल ने कहा कि ‘दादा’ एनसीपी के साथ हैं। उनका जो भी फैसला होगा, हम उनके साथ होंगे।

संजय राउत के बयान से अटकलों का बाजार गर्म

दरअसल, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने दावा किया था कि शरद पवार ने उनसे कहा था कि उनकी पार्टी भाजपा से हाथ नहीं मिलाएगी, लेकिन कुछ विधायक दबाव में पार्टी बदल सकते हैं। राउत ने कहा, ”शरद पवार ने मुझे बताया कि जिस तरह से सीबीआई, ईडी और पुलिस की मदद से शिवसेना को तोड़ा गया था, उसी तरह अब एनसीपी को तोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। नेताओं को धमकियां दी जा रही हैं, इसलिए हो सकता है कुछ लोग भाजपा में शामिल हो जाएं।”

अजीत पवार ने अटकलों का बताया निराधार

राउत के इस बयान को इसलिए महत्व दिया गया, क्योंकि कुछ समय से शरद पवार और अजीत पवार के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि अजीत भाजपा के साथ गठबंधन कर सकते हैं। हालांकि, अजीत ने इन अटकलों को निराधार बताया।

राउत ने सामना में लिखे अपने एक लेख में कहा कि शरद पवार ने उद्धव ठाकरे से उनकी बैठक के दौरान कहा कि कोई भी नेता दल नहीं बदलना चाहता, लेकिन जिस तरह से परिवार को निशाना बनाया जा रहा है, उससे अगर कोई पार्टी छोड़ने का निर्णय लेता है, तो यह उसका व्यक्तिगत मामला होगा। एक पार्टी के रूप में हम भाजपा के साथ नहीं जाएंगे।