shobhit University Gangoh
 

प्रचंड गर्मी… टूटा 10 साल का रिकॉर्ड, रेड अलर्ट घोषित, पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश के आसार

प्रचंड गर्मी के बीच मंगलवार को दस साल का रिकॉर्ड टूट गया। भीषण गर्मी को देखते हुए मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मई में गर्मी के बढ़ते कहर ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। फिलहाल आसमान साफ रहने से गर्मी का असर तेज महसूस हो रहा है। कूलर और एसी भी इस गर्मी से राहत देने में नाकाम होते दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। न्यूनतम तापमान भी 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले साल 26 मई को अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।
अभी राहत की उम्मीद नहीं 

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष के मुताबिक अभी गर्मी का यह दौर जारी रहेगा। अगले तीन दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। अभी दो दिन हीटवेव बनी रहेगी। मंगलवार को पिछले 10 साल में सबसे अधिक गर्मी रही। बढ़ती गर्मी के चलते पश्चिमी यूपी में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

बारिश से ही मिलेगी राहत  
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. यूपी शाही के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है, जिसके चलते 29 व 30 मई को बारिश व आंधी के आसार हैं। बारिश होने से ही गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

Jamia Tibbia