कोरोना: मेरठ में एक गर्भवती महिला समेत मिले सात नए मरीज, एक संदिग्ध की मौत, अब ये इलाका भी हॉटस्पॉट

उत्तर प्रदेश के मेरठ में कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को देर रात तक एक गर्भवती महिला समेत सात पॉजिटिव केस मिले हैं। अब मेरठ में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 81 हो गई है।

सदर बाजार क्षेत्र में सोमवार को एक गर्भवती महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद खलबली मच गई। महिला को तुरंत मेडिकल के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के परिजनों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है। महिला का पति सदर सब्जी मंडी में दुकान चलाता है, जहां हर रोज हजारों की संख्या में खरीदार आते हैं। इसे लेकर एक तरफ पुलिस प्रशासन के लिए चिंता खड़ी हो गई है, वहीं क्षेत्रवासियों में भी दहशत का माहौल है।

वहीं सुभारती अस्पताल में भर्ती एक और महिला कोरोना पॉजिटिव मिली। वह लखीपुरा की रहने वाली है। लखीपुरा पहले से ही हॉटस्पॉट घोषित है। वहीं इसके बाद देर रात को आई रिपोर्ट में पांच और नए केस मिले।

इसके बाद प्रशासन ने रजबन मोहल्ले को नया हॉटस्पॉट घोषित करते हुए प्रभावित क्षेत्र का एक किलोमीटर का दायरा सोमवार रात 12 बजे से सील कर दिया। महिला का पति सदर बाजार सब्जी मंडी में दुकान लगाता है। जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इसको लेकर खलबली मच गई है। व्यापारियों ने खुद ही सदर दाल मंडी और गंज बाजार को तीन दिन के लिए बंद करने का फैसला लिया है।


विडियों समाचार