Karnataka Cabinet Expansion: आज होगा कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, सात नए मंत्री लेंगे शपथ

Karnataka Cabinet Expansion: आज होगा कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, सात नए मंत्री लेंगे शपथ

बेंगलुरू : कर्नाटक में आज मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इस नए मंत्रिमंडल में 7 नए सदस्यों को शामिल किया जाएगा। आज सात नए मंत्री कैबिनेट विस्तार के तहत शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले इन सात नए सदस्यों के नाम पर मुहर लग चुकी है। हालांकि, अभी एक सदस्य के नाम पर आखिरी मुहर लगना बाकी है। विधायक मुनिरथना के नाम पर चर्चा हो रही है। उनके नाम का सुझाव सीएम बीएस येदियुरप्पा ने दिया था, लेकिन उनके नाम पर हाई कमान ने अब तक मंजूरी नहीं दी है।

ये 7 बनेंगे मंत्री 

कर्नाटक कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 27 मंत्री हैं। मंत्रिमंडल में 7 सदस्यों की जगह खाली है। जो लोग मंत्री बनेंगे उनमें मुर्गेश निरानी उमेश कट्टी, अंगारा, योगेश्वर, अरविंद लिंबावली, एमटीबी नागराज, शंकर आर का नाम शामिल है। आबकारी मंत्री एच नागेश को मंत्रिमंडल से ड्रॉप किया जा सकता है। यह सभी आज शाम 4 बजे मंत्री पद की शपथ लेंगे।

येदियुरप्पा ने दिया बयान

कैबिनेट विस्तार से पहले येदियुरप्पा ने मंगलवार को कहा कि अगर सब कुछ निर्धारित चीजों के तहत रहा, तो मैंने नए मंत्रियों को कल (बुधवार) शाम चार बजे शपथ दिलवाने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे नाम, वास्तविकता से काफी दूर हैं, बिना वजह किसी का भी नाम ना लें। मंत्रिमंडल से किसी मंत्री को हटाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका पता चल जाएगा।

कर्नाटक में मुख्यमंत्री येदियुरप्पा लंबे समय से मंत्रिमंडल का विस्तार करना चाहते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने 18 नवंबर को नई दिल्ली में उनसे मुलाकात के दौरान इसके लिए केन्द्रीय नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार करने को कहा था। मंत्रिमंडल विस्तार/ फेरबदल एक मुश्किल भरी कवायद होने की संभावना है, क्योंकि पार्टी के पुराने नेताओं के साथ साथ कांग्रेस और जनता दल (सेकुलर) से आये नेता मंत्रिपरिषद में जगह पाने की आस में हैं। इन दो विपक्षी दलों से बगावत कर आये नेताओं की वजह से ही भाजपा की सरकार बन पायी थी।